
DK
Bokaro : भाजपा के धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह अब खुलकर चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी के पक्ष में आ गये हैं. वह पिछले दो-तीन दिनों से दिल्ली में रहकर पार्टी के आलाकमानों को चंदनकियारी सीट भाजपा के पाले में रखने की जिद लेकर बैठ गये हैं.
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा सरीखे नेताओं को वह खुलकर “संसदीय चुनाव में आजसू द्वारा चंदनकियारी में की गयी दगाबाजी” की जानकारी दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : #EconomicSlowdown: अगले 5 महीनों में टाटा मोटर्स 30 दिन और टाटा कमिंस 15 दिन का लेगी ब्लॉक क्लोजर
सीट के लिए दंगल
चंदनकियारी विधानसभा सीट के लिए भाजपा और आजसू के बीच दंगल चालू है क्योंकि यहां दोनों पार्टियों संभावित प्रत्याशी दावेदारी कर रहे हैं.
वास्तविकता में चंदनकियारी क्षेत्र में भाजपा और आजसू का विगत चार-पांच सालों से कोई गठबंधन जैसा रिश्ता रहा ही नहीं है. आजसू अपनी जमीन मजबूत करने के लिए भाजपा और उसके विधायक अमर बाउरी पर छींटाकशी करती रही है.
फिलहाल चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र भाजपा और आजसू के बीच सीट बंटवारे को लेकर गले की फांस बन चुका है.
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो डर रहे हैं कि कहीं चंदनकियारी सीट त्यागना संगठन को भारी न पड़ जाये, वहीं सांसद पशुपतिनाथ सिंह संसदीय चुनाव में अपने खिलाफ हुए भीतरघात को ना भूलते हुए भाजपा की सीटिंग सीट आजसू को देने के विचार में नहीं हैं.
सांसद का इस प्रकार खुलकर सामने आना बाउरी के पक्ष को और भी मजबूत कर रहा है. भाजपा के शीर्ष नेता चंदनकियारी सीट को संजीदगी से ले रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection 2014 में राष्ट्रीय पार्टियों को 45.27%, क्षेत्रीय दलों को 37.22% और निर्दलियों को मिले थे 6.69% वोट
पार्टी से ग्रीन सिग्नल!
सूत्रों की मानें तो भाजपा के अमर बाउरी को ग्रीन सिग्नल मिल चुका है. उन्हें घोषणा होने तक चुप्पी साधे रहने को कहा गया है.
धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने न्यूजविंग से बात करते हुए कहा कि जिस प्रकार गठबंधन धर्म का पालन न करते हुए आजसू ने संसदीय चुनाव में उनके खिलाफ जाकर कांग्रेस के पक्ष में काम किया ओर उनको हराने की हर कोशिश की, उससे मैं और पूरी पार्टी आहत हैं. आजसू ने हमे धोखा दिया है. इसके बावजूद भाजपा चंदनकियारी में काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 1.27 लाख वोट लायी जोकि बाउरी और वहां के कार्यकर्ताओं के मेहनत से संभव हो पाया. आजसू से सपोर्ट पाकर भी कांग्रेस चंदनकियारी में भाजपा को हरा नहीं पायी. मैंने आला नेताओं को सारी वस्तुस्थिति बताते हुए बाऊरी को टिकट देने की मांग की है. भाजपा की जमीनी स्थिति आजसू से कहीं ज्यादा मजबूत है.
कार्यकर्ता उत्साहित
सांसद पीएन सिंह का बाउरी के पक्ष में इस तक खुलकर सामने आना चंदनकियारी मे भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच एक नयी ऊर्जा भर रहा है.
भाजपा के युवा नेता राजेश राज माही ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को पूरा भरोसा है कि भाजपा चंदनकियारी की सीट नहीं छोड़ेगी और बाउरी ही यहां से चुनाव लड़ेंगे. हमने सब तैयारी पूरी कर ली है.
वहीं, दूसरी तरफ सांसद के इस तरह के बयान से आजसू के खेमे में हलचल है.
इसे भी पढ़ें : PM किसान सम्मान निधि: 1st फेज चुनाव वाले 13 विधानसभा क्षेत्र के 4.64 लाख में से 3.70 लाख किसानों को नहीं मिली तीसरी किस्त




