
Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बड़ी घटना हो गयी है. बरडीहा गांव के समीप छर्री लोड खड़े हाइवा में पीछे से ईंट लोड हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी.
इससे ईंट लोड हाइवा में आग लग गयी और इसका ड्राइवर जिंदा जल गया. घटना बीती रात की है. आग से हाइवा बुरी तरह जल कर नष्ट हो गया है. वहीं चालक की पहचान भी नहीं हो पायी है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
इसे भी पढ़ें- भारत के नए नक्शे से नेपाल खफा, कालापानी को मैप में दिखाने पर जतायी आपत्ति
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात जपला-दगंवार मुख्य पथ के बरवाडी गांव के समीप छर्री लोड हाइवा सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान ईंट लोड हाइवा ने उसमें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर से ईंट लोड हाइवा में आग लग गयी. आग लगने की वजह से ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका और जिंदा ही ट्रक के अंदर जल गया. जिसकी वजह से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी.
इसे भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: नक्सलियों के साथ मुठभेड़, एक CRPF का जवान शहीद
काफी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. ड्राइवर के शव को हाइवा से बाहर निकाने की कोशिश की गयी लेकिन शव इतनी बुरी तरह से जल चुका था कि उसे बाहर नहीं निकाला जा सका.
मृत ड्राइवर की पहचान करने की कोशिश की गयी लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पायी है. पुलिस दोनों वाहनों के संबंध में पता लगाने में जुटी है.




