
Ranchi: कोयला कारोबारी और पुलिस के बड़े अफसरों के संबंध समय-समय पर जग जाहिर होते रहे हैं. सिस्टम में जब संवेदनशील लोग होते हैं, तब ऐसे पुलिस अफसरों से पूछा जाता है. कार्रवाई होती है.
लेकिन जब महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोग किन्हीं कारणों से अपने कर्तव्य को भूल जाते हैं, सूचनाओं पर ध्यान नहीं देते. तब कार्रवाई नहीं हो पाती. ऐसा ही हाल में झारखंड पुलिस में भी हुआ.
एक कोयला कारोबारी को पुलिस ने सुरक्षा उपलब्ध कराया. वह भी एक-दो नहीं, आधा दर्जन. उस कोयला कारोबारी का नाम है सोनू अग्रवाल. उसे रांची, हजारीबाग और धनबाद जिला के एसपी ने दो-दो अंगरक्षक उपलब्ध करा दिया.
इतना ही नहीं उसे सभी छह अंगरक्षकों को कोलकाता ले जाने की भी इजाजत थी. जब सोनू अग्रवाल पर नक्सली संगठन को फंडिंग करने का आरोप लगा और एनआइए ने जांच शुरु की, तब उसका अंगरक्षक वापस किया गया.
इसे भी पढ़ें – गैंगस्टर्स को पालने और अफसरों को मैनेज करने के लिए कोल ट्रांसपोर्टरों को कहां से आता है पैसा
सोनू अग्रवाल की पहुंच है सत्ता तक
सोनू अग्रवाल मूल रुप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है. कहा जाता है कि उसकी पहुंच सत्ता शीर्ष तक है. झारखंड में भी और पश्चिम बंगाल में भी. दोनों राज्यों में भले ही धुर विरोधी राजनीतिक दलों की सरकार है. लेकिन सोनू अग्रवाल दोनों राज्य में सामान्य रुप से सत्ता शीर्ष पर बैठे लोगों का चहेता बना हुआ है.
सोनू अग्रवाल के बारे में कोयला कारोबारियों के बीच कई किस्से हैं. पिछले माह दैनिक भास्कर ने एक खबर प्रकाशित किया था. जिसमें सोनू अग्रवाल के संबंध में कई बड़े आरोप लगाये गये थे. जिसमें पिछले कुछ सालों में उसके द्वारा डेढ़ दर्जन कंपनियों में किये गये निवेश के आरोप शामिल थे.
ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या सोनू अग्रवाल को सच में इतना बड़ा खतरा था कि उसे तीन-तीन जिलों के एसपी ने अंगरक्षक दे दिये. या फिर रसूख दिखाने और दबदबा बनाने के लिए यह सब किया और कराया गया.
एक सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या झारखंड पुलिस कभी इस बात का पता भी लगायेगी कि कैसे यह सब हुआ. किसके कहने पर, किसके दवाब में या फिर सुरक्षा कारणों से.
इसे भी पढ़ें – धनबादः न जाने किस अपराध का दंश झेल रहे रेगुनिटांड़ के आदिवासी, इनकी सुधि लेनेवाले रहनुमा नहीं….




