
Mumbai : कमजोर वैश्विक रुख के बीच विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी से बीएसई का सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 531 अंक गिरकर 37,000 अंक के नीचे आ गया. बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 531.94 अंक यानी 1.43 प्रतिशत गिरकर 36,586.28 अंक पर आ गया. इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती दौर में 171.05 अंक यानी 1.56 प्रतिशत गिरकर 10,826.30 अंक पर चल रहा है.
इसे भी पढ़ें – कश्मीर में स्थिति तनावपूर्णः धारा 144 लागू, पूर्व सीएम महबूबा और अब्दुल्ला हाउस अरेस्ट, इंटरनेट सेवाएं बंद
कश्मीर मुद्दों को लेकर भी निवेशकों की धारणा बदली
शेयर बाजार के पास मौजूद प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,888.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक सोमवार को शुरू हो रही है.
विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय अर्थव्यवस्था को तेजी देने के लिए नीतिगत ब्याज दर में कटौती की जा सकती है. यह लगातार चौथी कटौती होगी. अन्य एशियाई बाजारों में शंघाई कंपोजिट सूचकांक, हेंगसेंग, निक्की और कॉस्पी में भी शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा.
वहीं कश्मीर मुद्दों को लेकर भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है. कश्मीर में अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है. वहीं सुरक्षा की लिहाज से इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें – फर्जीवाड़ा : जिस जमीन पर दौड़ रही गिरिडीह-कोडरमा के बीच ट्रेन, वार्ड पार्षद ने उसकी रजिस्ट्री करा ली




