Khas-KhabarRanchi

मॉनसून सत्रः JBVNL में टीडीएस घोटाले को लेकर सदन में हंगामा, कार्यवाही रही बाघित

Ranchi: झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र का चौथा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ता दिख रहा. पूर्व के लंबित ध्यानाकर्षण के लिए सदन की कार्यवाही एक घंटे पहले यानी सुबह 10 बजे शुरू हुई.

और 11 बजे से सदन की कार्यवाही नियमित रुप से आरंभ होते ही हंगामा देखने को मिला. सीएम के ऊर्जा विभाग वाले जेबीवीएनएल में हुए टीडीएस घोटाले को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की.

सदन में कार्यवाही शुरू होते ही मासस विधायक अरुप चटर्जी ने टीडीएस घोटाले को लेकर कार्यस्थगन का प्रस्ताव दिया. जिसका संसदीय कार्यमंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने विरोध किया.

इसे भी पढ़ेंःCM के विभाग में 32 करोड़ के TDS घोटाले के आरोपी उमेश कुमार को फिर बनाया गया JBVNL का CFO, राहुल पुरवार हैं MD

कार्यस्थगन प्रस्ताव का विरोध करते हुए मंत्री नीलकंठ ने कहा कि विपक्ष बेवजह आरोप लगा रहा है. सीधेतौर पर सीएम रघुवर दास पर आरोप लगाये जा रहे हैं, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है.

इस पर मंत्री अमर बाउरी ने कहा कि विपक्ष अपनी बात को वापस ले. सता पक्ष के विरोध जताते ही जेएमएम के विधायकों ने हंगामा शुरु कर दिया.

विधायक अरुप चटर्जी ने कहा कि जैसे चारा घोटाले में अफसरों को बचाने के आरोप में राजद सुप्रीमो लालू यादव जेल में हैं. वैसे ही सीएम रघुवर दास भ्रष्टाचारी अफसरों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.

सता पक्ष और विपक्ष के हंगामे को देखते हुए सदन की कार्यवाही बाधित हुई और करीब सवा 11 बजे स्पीकर ने कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.

वहीं सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने रघुवर सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में इस सरकार ने राज्य को लूटा है और लूट रहे हैं.  मीडिया माध्यम से ही हमारे पास ऐसी खबर है. आज इस सरकार की वजह से ही सरकारी खजानों की बर्बादी और लूट बदस्तूर जारी है.

गौरतलब है कि जेबीवीएनएल में टीडीएस घोटाला खुलासा सबसे पहले न्यूजविंग ने किया था. न्यूजविंग ने लगातार इससे संबंधित खबरें प्रकाशित की है. उसके बाद ही घोटाले को लेकर परत-दर-परत खुलासे हो रहे हैं.

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में विपक्ष के विधायकों ने जमकर प्रदर्शन किया. सरकार पर कई घोटालों का आरोप लगाते हुए जेएमएम के विधायक, घोटाले वाले पोस्टर के साथ प्रदर्शन करते नजर आये.

‘घोटालों की सरकार, भ्रष्टाचार हर सीमा पार’ के नारे वाले पोस्टर में टीडीएस घोटाला, डीपीआर समेत कई घोटालों का जिक्र है.

Related Articles

Back to top button