JharkhandMain SliderRanchi

पुलवामा हादसे को बीते 150 दिन, रघुवर दास ने किया था शहीदों के परिजनों को मदद का वादा, नहीं किया पूरा

Ranchi: 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने बड़ी बेरहमी से देश के 44 सीआरपीएफ के जवानों को धोखे से ब्लास्ट में उड़ा दिया था. सभी 44 शहीदों के लिए पूरा देश एक साथ खड़ा था.

पुलवामा के बाद पाकिस्तान को भारत ने सबक सिखाने के उद्देश्य से एयर स्ट्राइक भी किया था. उसके तुरंत बाद होनेवाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने इस मामले को जनता के सामने काफी मजबूती से रखा.

विपक्ष ने आरोप लगाया कि देश की सेना को चुनाव में हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है. घटना के दो दिनों के बाद ही झारखंड के मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वो और उनके मंत्रिमंडल के सभी मंत्री एक महीने की सैलेरी शहीदों के परिजनों को देंगे.


इसे लेकर सीएम ने ट्वीट भी किया. लेकिन घोषणा के करीब 150 दिन बीतने के बाद भी रघुवर दास की कैबिनेट सदस्यों ने शहीदों को श्रद्धांजलि के तौर पर दिए जाने वाले एक महीने की सैलेरी नहीं दी है.

जबकि घोषणा करने के बाद मंत्रिमंडल से सभी सदस्यों ने फरवरी, मार्च, अप्रैल, मई और जून पांच बार सैलेरी उठा ली हैं. ऐसे में सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या ऐसा सिर्फ और सिर्फ लोगों के बीच साहानुभूति दिखाने के लिए रघुवर दास ने घोषणा कर दी थी. क्या इसे शहीदों का अपमान नहीं माना जाये.

इसे भी पढ़ें – क्या शिवपुर रेलवे साइडिंग चालू कराने में टीपीसी के अर्जुन गंझू का हाथ है

क्या कहते हैं मंत्रीपरिषद के मंत्रीगण

सीपी सिंह, नगर विकास मंत्री- यह सवाल तो सीएम साहब से ना पूछा जाना चाहिए. इसमें हम क्या बताएं. यह चीज कैबिनेट का मैटर है ही नहीं. यह तो व्यक्तिगत मैटर होता है. ऐसा सीएम साहब का कोई आदेश नहीं आया है. यह कोई सरकारी चीज नहीं है. इस मामले पर मैं कुछ नहीं कह सकता.

लुईस मरांडी कल्याण मंत्री- पैसा गया है कि नहीं पहले वो चेक करना पड़ेगा. हमलोगों की सैलरी ऑटोमेटिक जाने की सुविधा है. इस मामले में मैं पता करने के बाद ही कुछ कह सकती हूं. इससे पहले कुछ नहीं कह सकती.

सरयू राय, खाद्य आपूर्ति मंत्री- इस बारे किसी तरह की कोई पहल नहीं हुई है. खास कर मुझसे तो किसी ने कुछ नहीं कहा है. वैसे जब एक बार घोषणा हो गयी है, वो शहीदों का मामला है, उसे तो हर हाल में पूरा करना चाहिए. देर हो गयी हो फिर भी इस वादे को पूरा करना चाहिए. ऐसे कामों में कोई देरी नहीं होती है. देर से उठाया गया अच्छा कदम भी सराहनीय होता है. कोई निर्देश आए इस मामले में तभी तो. मैं तो बिलकुल तैयार हूं.

शहीद विजय सोरेंग के पार्थिव शरीर को कंधा देने के बाद की थी घोषणा

14 फरवरी को पुलवामा में 44 सीआरपीएफ जवानों के शहीद होने के बाद दूसरे ही दिन झारखंड के गुमला से शहीद विजय सोरेंग के पार्थिव शरीर को कंधा देने के बाद पूर्ण बहुमतवाली बीजेपी की सरकार के मुखिया रघुवर दास ने एक घोषणा की.

घोषणा में उन्होंने कहा कि “पुलवामा के शहीदों की शहादत बेकार नहीं जायेगी. झारखंड सरकार की तरफ से पुलवामा के शहीदों के परिजनों को मदद के तौर पर मैं और मेरे कैबिनेट के सभी मंत्री एक महीने के वेतन की राशि देंगे.”

इसके एक दिन बाद 16 फरवरी को दोपहर 2.42 मिनट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एक ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा थाः पुलवामा में शहीद हुए वीर सपूतों के परिजनों के साथ पूरा देश खड़ा है. मैं और मेरे मंत्रिमंडल के सभी साथी अपना एक महीने का वेतन शहीदों के परिजनों के चरणों में अर्पित करते हैं. लेकिन ऐसा नहीं किया.

इसे भी पढ़ें – सरकारी अफसर से मारपीट के मामले में BCCI के कार्यकारी सचिव व पूर्व IPS अमिताभ चौधरी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज

सरकार ने नहीं बनाया कोई सिस्टम

इस काम को पूरा करने के लिए सरकार को एक सिस्टम तैयार करना था कि कैसे कैबिनेट के सदस्यों और सरकार के अधिकारी और कर्मियों के वेतन से राशि कट कर प्रधानमंत्री राहत कोष में जाये. लेकिन इस दिशा में मीडिया में खबर छपने के अलावा कोई काम नहीं हुआ. ऐसे में पुलवामा के शहीदों के परिजन झारखंड सरकार से अपने आप को ठगा हुए महसूस कर रहे हैं.

मुख्यमंत्रियों सहित मंत्रियों का कितना वेतन

• मुख्यमंत्री का वेतन: 80,000
• मंत्री का वेतन: 65,000
• आइएएस कैडर का वेतन: 1,75,000 से 2,25,000
• आइएफएस कैडर का वेतन: 1,75,000 से 2,25,000
• आइपीएस कैडर का वेतन: 1,75,000 से 2,25,000
• मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों का एक माह का वेतन: 6,50,000
• सभी आइएएस कैडर के एक दिन का वेतन: 12,88,000
• आइपीएस कैडर के एक दिन का वेतन: 8,16,000
• आइएफएस कैडर के एक दिन का वेतन: 11,28,000
• 1.90 लाख राज्य कर्मियों के एक दिन का वेतन: लगभग 47 करोड़

Related Articles

Back to top button