
NewDelhi : अमरनाथ यात्रा सोमवार, एक जुलाई से शुरू होने जा रही है. यात्रा के संबंध में अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा के दर्शन के लिए 40 दिवसीय यात्रा सोमवार से शुरू हो जायेगी. यात्रा दो मार्ग बालटाल और पहलगाम से शुरू होगी. अमरनाथ यात्रा में लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेगे. ऐसे में यात्रा को सुगम बनाने के लिए बालटाल एवं पहलगाम के पास सुरक्षा व्यवस्था के साथ तमाम व्यवस्था की गयी हैं.
इसे भी पढ़ेंः कांग्रेस में 120 नेताओं का ताबड़तोड़ इस्तीफा, दिल्ली कांग्रेस ने 280 ब्लॉक प्रमुखों को हटाया
अमित शाह की सुरक्षा व्यवस्था में ढिलाई नहीं बरतने की हिदायत
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने की हिदायत दी है. उन्होंने यात्रा के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं के पालन का निर्देश भी दिया है. अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के अनुसार अमूमन यात्रा के सारे इंतजाम कर लिये गये हैं. उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है. सेना, सीआरपीएफऔर जम्मू कश्मीर पुलिस को श्रद्धालुओं को सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है.
यात्रा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा की योजना तैयार की गयी है. इस क्रम में राज्यपाल के सलाहकार ने सुरक्षा का जायजा लिया है. अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल के सलाहकार खुर्शीद अहमद गनई और केके. शर्मा शुक्रवार को यात्रा के आधार शिविर बालटाल और नुनवान (पहलगाम) गये थे. उन्होंने यात्रा के सुचारू संचालन के लिए की गयी व्यवस्थाओं को देखा इसके बाद वे साथ ही अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की.




