
Giridih: गिरिडीह में 12 मई को वोट डाले जायेंगे. इससे पहले चुनावी प्रचार की सरगर्मी है. वहीं एनडीए उम्मीदवार चंद्र प्रकाश चौधरी के पक्ष में प्रचार करने केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा गिरिडीह पहुंचे.
गिरिडीह में वकीलों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने देश में मोदी सरकार की सूनामी चलने का दावा करते हुए कहा कि प्रचंड बहुमत भरा जनादेश मोदी सरकार को मिल रहा है.
इसे भी पढ़ेंःधनबादः अमित शाह का राहुल पर हमला, आतंकियों से इलू-इलू करती है राहुल बाबा एंड कंपनी
विकास के नाम पर लड़ रही भाजपा
केन्द्रीय मंत्री सिन्हा ने चुनाव में जनमुद्दों के गौण होने के सवाल को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ विकास और सुशासन के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ रही है.
बातचीत के दौर को आगे बढ़ाते हुए केन्द्रीय मंत्री सिन्हा ने कहा कि जनता को दिखाना पड़ता है कि जनप्रतिनिधि ने क्या काम किया है? मंत्री सिन्हा ने मोदी सरकार के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वह दिन गए जब झूठे वादे कर कुर्सी हासिल की जाती थी.
और पांच सालों के कार्यकाल पर ही मोदी सरकार को डबल इंजन की सरकार की संज्ञा मिली है. इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने विकास और सुशासन का उदाहरण देते हुए कहा कि देश का विकास अब खुद एक नई क्रांतिकारी की परिभाषा गढ़ रहा है.
इसे भी पढ़ेंःजानें सीएम की वो कौन सी 113 घोषणाएं हैं, जिन्हें 150 दिनों में पूरा करने पर लगी पूरी ब्यूरोक्रेसी
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सुशासन जिस प्रकार लाया गया, उसके बाद टैक्स चोरी बंद हुई है. दलालों की बजाय अब सीधे लाभुकों के खाते में हर योजना की राशि का भुगतान किया जा रहा है.
विकास के साथ सुरक्षा जरूरी
वहीं जीएसटी और सेना के राजनीतिकरण से जुड़े कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के आरोपों के जवाब में केन्द्रीय मंत्री सिन्हा ने कहा कि विकास के साथ सुरक्षा भी बहुत जरुरी है.
मोदी सरकार के कार्यकाल में बेहतर सुरक्षा का सबसे जबरदस्त उदाहरण पाकिस्तान के आंतकी मसूद अजहर का ग्लोबल आंतकी घोषित होना बताया. वहीं कांग्रेस पर नकारात्मक और गलत राजनीति करने का आरोप भी लगाया.
मोदी सरकार के दोबारा सत्ता में आने पर गिरिडीह में घरेलू हवाई अड्डे की सौगात से जुड़े सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने साफतौर पर कोई जवाब तो नहीं दिया, लेकिन इशारों-इशारों में कहा कि जनउम्मीदों को अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा.
रघुवर सरकार के कार्यकाल में सूबे की 14 सीट जीतने के दावा से जुड़े सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रचंड बहुमत की सरकार जब आ रही है तो राज्य में 14 सीट जीतना कोई दुविधा भरा नहीं है. इधर वकालतखाना पहुंचने के साथ केन्द्रीय मंत्री कई अधिवक्ताओं से मिले और एनडीए के समर्थन में मतदान की अपील की.
इसे भी पढ़ेंःगुमला मॉब लिंचिंगः एससी आयोग ने राज्य के DGP और जिले के SP को दिया नोटिस, 15 दिनों में मांगा जवाब




