
Varanasi: वाराणसी जिला अदालत से आज ज्ञानवापी-मां श्रृंगार गौरी केस पर फैसला सुनाया जाएगा. जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत फैसला सुनाएगी कि ये केस सुनवाई योग्य है या नहीं. इस फैसले से पहले वाराणसी के मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ, हवन-पूजन हो रहा है. इस फैसले पर देश भर की नजरें हैं. फैसला सुनाए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण भी हो सकती है. इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है.
इससे पहले बीती 24 अगस्त को दोनों पक्षों की बहस पूरी हुई थी और जिला जज की कोर्ट ने आदेश सुनाने के लिए 12 सितंबर की डेट तय की थी.वाराणसी शहर में रविवार से ही धारा-144 लागू कर दी गई है. 2 हजार पुलिस बल सड़क पर तैनात हैं. 3 कंपनी पीएसी और आरपीएफ को तैनात किया गया है. संवेदनशील इलाकों में फोर्स के साथ इंटेलिजेंस को भी तैनात किया गया है. सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग हो रही है. जिला अदालत परिसर में खास चौकसी बरतते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तैनात किया गया है.




