
Gomia: बेरमो अनुमंडल के गोमिया थाना अन्तर्गत स्वांग उतरी पंचायत के करमटिया गांव के एक दलित युवक 35 वर्षीय मुकेश कुमार का शव घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर पहाड़ी के नीचे मिला. घटना की जानकारी मिलते ही गोमिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की सुबह कुछ महिलाएं शौच के लिए पहाड़ी की ओर गई थी. उसी समय रास्ते में युवक का शव पड़ा हुआ था. महिलाओं ने तुरंत इसकी जानकारी गांव वालों को दी.
गांव वालों ने घटना की जानकारी गोमिया पुलिस को दी. गोमिया थाना प्रभारी नित्यानंद भोगता दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच में जुट गई है. युवक के गर्दन पर तेज हथियार से कटे हुए का निशान है. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या कहीं दूसरे स्थान पर किया गया है और शव को गांव के नजदीक पहाड़ी के पीछे फेंक दिया गया है. युवक के संबंध में बताया गया कि मंगलवार की शाम को वह घर से निकला, इसके बाद वह नहीं लौटा. गांव वालों ने बताया कि शाम के करीब सात बजे तक उसे देखा गया था. मृतक स्वर्गीय महेंद्र रविदास का पुत्र है. उसके दो और भाई है एक बड़ा है और दूसरा उससे छोटा है. बड़ा भाई सीसीएल में काम करता है जबकि छोटा भाई मुंबई में काम करता है. मां फागुनी देवी एवं भाभी का रो-रो कर बुरा हाल है. ग्रामीण खोजी कुत्ता से घटना की तत्काल जांच कराने की मांग कर रहे हैं.




