
Ranchi: झारखंड के सभी सरकारी कार्यालयों में 22 जनवरी को दोपहर ढाई बजे तक अवकाश रहेगा. मतलब इस अवधि में कोई काम नहीं होगा. इसके अलावा सरकारी स्कूलों को बंद रखा गया है. इस संबंध में सीएम हेमंत सोरेन ने चीफ सेक्रेट्री को जरूरी निर्देश दिये हैं. यह विशेष व्यवस्था 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह को देखते की गयी है. 2:30 बजे के बाद सभी सरकारी कार्यालय और बैंक खोल दिए जाएंगे. इस संबंध में झारखंड सरकार के आदेश के बाद कार्मिक प्रशासनिक सुधार राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी की है.
भाजपा ने की थी अपील
गौरतलब है कि राज्य में 22 जनवरी को अवकाश रखे जाने को लेकर सांसद संजय सेठ, नेता प्रतिपक्ष समेत कई भाजपा नेताओं सहित सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी सीएम हेमंत सोरेन से अपील की थी. मांस-मदिरा की दुकानों को बंद रखने के अलावा स्कूलों को भी बंद रखने की अपील की थी. शहर में 22 जनवरी को अधिकांश निजी स्कूलों ने पहले ही छुट्टी दे रखी है. इसके अलावा सरकार के स्तर से निर्देश जारी होते ही अब सरकारी स्कूलों में भी अवकाश रहेगा.





