
Ranchi : झारखंड वुशु एसोसिएशन ने सत्र 2020-21 के लिए अपना परिवर्तित कैलेंडर गुरुवार को जारी किया. गुरुवार को हुई एसोसिएशन की आकस्मिक बैठक में इसके पदाधिकारियों ने इसकी मंजूरी दी. संघ के अध्यक्ष चंचल भट्टाचार्य ने बताया कि वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने अपने सीनियर, जूनियर एवं सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप की घोषणा कर दी है.
सीनियर का आयोजन चंडीगढ़ में एवं सब जूनियर का आयोजन रांची तथा जूनियर का आयोजन पंजाब में होना है. 16वीं राष्ट्रीय सब जूनियर वुशु चैंपियनशिप 21 से 25 मार्च तक रांची में आयोजित की जायेगी. इसके मद्देनजर वार्षिक कैलेंडर निर्धारित किया गया है.
31 जनवरी को जूनियर वुशु प्रतियोगिता
एसोसिएशन के मुताबिक 31 जनवरी को रांची में झारखंड राज्य जूनियर वुशु प्रतियोगिता का आयोजन होगा. 7 फरवरी को रांची में ही झारखंड राज्य सीनियर वुशु प्रतियोगिता, 13 व 14 फरवरी को झारखंड राज्य सब जूनियर वुशु प्रतियोगिता का आयोजन होगा.
एसोसिएशन के अनुसार आयोजनों के सम्बन्ध में खेल विभाग एवं झारखंड ओलिम्पिक एसोसिएशन को पूर्व में ही सूचना दी जा चुकी है.
कोरोना गाइडलाइन का होगा पालन
सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन पहले ही किया जाना था. पर कोरोना काल के कारण उपस्थित हुई परिस्थितियों के कारण इसे मार्च में किया जा रहा है. सभी प्रतियोगिताओं के आयोजनों में कोविड गाइडलाइंस का पालन किया जायेगा.




