World

फिलीपीन में भयानक तूफान ने दी दस्तक, 10 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

Manila: पूर्वी फिलीपीन में रविवार तड़के भयानक तूफान ने दस्तक दी जिसके मद्देनजर राजधानी समेत इसके रास्ते में पड़नेवाले स्थानों से करीब 10 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. राजधानी में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को भी बंद करने का आदेश दिया गया है.

सरकारी आपदा प्रतिक्रिया एजेंसी के प्रमुख रिकार्डो जलाड ने कहा, ‘‘कई ऐसे लोग हैं जो तूफान के मद्देनजर खतरनाक क्षेत्रों में हैं. हमें बड़े पैमाने पर क्षति की आशंका है.’’

तूफान ‘गोनी’ 225 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ सुबह के समय कटनडुआनिस प्रांत से टकराया और इन हवाओं की गति बीच-बीच में 280 किलोमीटर प्रति घंटे भी होती रही. यह श्रेणी पांच के तूफान के बराबर है.

इसे भी पढ़ें – बाहुबली विधायक मुख्‍तार अंसारी के होटल गजल पर योगी सरकार की गाज गिरी,  बुलडोजर चला

यह तूफान अब मनीला समेत अधिक जनसंख्या घनत्व वाले पश्चिमी क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है. यह उन क्षेत्रों से गुजरने जा रहा है जहां एक सप्ताह पहले ही आए तूफान से क्षति पहुंची थी और कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई थी.

विशेषज्ञों ने कहा है कि यह तूफान रविवार देर रात या सोमवार तड़के बेहद घनी जनसंख्या वाले मनीला में दस्तक देगा. उन्होंने लोगों से खराब से खराब स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा है. राजधानी में कोविड-19 के करीब 1,000 मरीजों को तंबूनुमा पृथक-वास से निकालकर अस्पतालों, होटलों या उपचार केंद्रों और उत्तरी बाल्कन प्रांत भेजा गया है.

राजधानी मनीला स्थित मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को रविवार से सोमवार तक 24 घंटे के लिए बंद करने का आदेश दिया गया है जिससे दर्जनों अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ान रद्द हो गई हैं.

इसे भी पढ़ें – दीपक प्रकाश की खुली चुनौती, हिम्मत है तो गिरफ्तार करे हेमंत सरकार

Related Articles

Back to top button