Dhanbadlok sabha election 2019

धनबादः अमित शाह का राहुल पर हमला, आतंकियों से इलू-इलू करती है राहुल बाबा एंड कंपनी

Dhanbad: लोकसभा चुनाव के लिए देश में छठे चरण और झारखंड के तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है. धनबाद में भी 12 मई को वोटिंग होगी. बीजेपी प्रत्याशी पीएन सिंह के लिए चुनावी प्रचार करने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह धनबाद पहुंचे.

धनबाद के नेहरू उद्यान, करकेंद में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला.

इसे भी पढ़ेंःलोकसभा चुनाव को लेकर सरकार ने भाड़े पर लिया एयर एंबुलेंस

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा-एयर स्ट्राइक के बाद दो जगह मातम छाया था, एक पाकिस्तान में और दूसरा ये गठबबंधन वाले राहुल बाबा एंड कंपनी के यहां.

आतंकियों से इलू-इलू करती है कांग्रेस

शाह ने कहा कि ये कांग्रेस पार्टी आतंकियों से ईलू-ईलू कर सकती है, हम नहीं कर सकते. हमारी नीति स्पष्ट है. वहां से गोली आएगी तो यहां से गोला जाएगा. शाह ने कहा कि पांच साल के अंदर मोदी सरकार ने ढेर सारे ऐसे काम किये हैं, जिससे देश में गरीबों के जीवन में परिवर्तन आया है.

देश की 7 करोड़ गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर दिया है. 8 करोड़ घरों में शौचालय बनवाकर गरीब माताओं-बेटियों को सम्मान से जीने का अधिकार दिया है.

अमित शाह ने यहां भाजपा प्रत्याशी पशुपतिनाथ सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान शाह ने धनबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह को भारी मतों से जिताने की अपील की. उन्होंने जनता से कहा कि आपका एक-एक वोट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करेगा.

इसे भी पढ़ेंःजब जनता मूलभूत सुविधाओं से मरहूम है तो लोकतंत्र सफल कैसे?

श्री शाह के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ता खासा उत्साह नजर आया. इसे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो का काट माना जा रहा है.

रैली में जुटी भीड़

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच साल से प्रधानमंत्री के रूप में काम कर रहे हैं. एक दिन भी छुट्टी नहीं ली है.

जबकि राहुल गांधी जैसे ही पारा चढ़ता है छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं. किसी को मालूम नहीं होता है कि विदेश में कहां हैं और क्या कर रहे हैं? उनकी मां भी ढूंढती रहती है.

शाह ने आगे कहा कि देश की जनता 70 साल से ऐसे नेता की राह देख रही थी, जो अपने परिवार के लिए नहीं बल्कि देश के लिए अपना जीवन लगा दे. जनता को मोदी जी के रूप में वो नेता मिला है.

झारखंड के लिए बहुत कुछ किया

रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने झारखंड के लिए बहुत काम किये हैं. 22 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि, बाबा देवधर में एम्स की शुरुआत की, जमशेदपुर, देवघर, दुमका, बोकारो में नया एयरपोर्ट बनाया है.

रांची में कैंसर अस्पताल की शुरुआत हुई है. पतरातू में 4000 मेगावाट का बिजली प्लांट की शुरुआत की. हजारीबाग, दुमका और पलामू में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की है. 20 हजार किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा देने का काम मोदी सरकार ने किया है.

इसे भी पढ़ेंःमोदी राज के आखिरी महीनों में बर्बादी की कगार पर ONGC

आइएसएम को आइआइटी का दर्जा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में धनबाद में हुए कार्यों को अमित शाह ने गिनाया. कहा, प्रधानमंत्री ने सिंदरी में खाद कारखाना का निर्माण शुरू किया. आइएसएम धनबाद को आइआइटी का दर्जा दिया गया. हमारी सरकार ने विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय का निर्माण किया है.

देश में एक ही नारा मोदी-मोदी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में आप कही भी जायेंगे तो वेश-भूषा बदल जायेंगे, लेकिन नारा एक ही लगता है. मोदी-मोदी…यह नारा नहीं है यह नरेंद्र मोदी को दिया गया आशीर्वाद है.

23 मई को परिणाम आएगा और फिर एक बार नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे. आपको बताते चलें कि पिछले चुनाव में करकेंद में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सभा को संबोधित किया था.

इस बार पीएम यहां नहीं आये. श्री शाह ही पार्टी के सबसे बड़े स्टार प्रचारक हैं. अमित शाह के सभा में भाजपा प्रत्याशी पशुपतिनाथ सिंह, झारखंड के मंत्री अमर बाउरी, धनबाद विधायक राज सिन्हा, झरिया विधायक संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष चन्द्र शेखर सिंह समेत अन्य थे.

इसे भी पढ़ेंःपाक ने 34 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, छह नौकाएं भी की जब्त

Related Articles

Back to top button