
Ranchi : झारखंड से कांग्रेस विधायक और पार्टी की राज्य इकाई के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष इरफान अंसारी ने शुक्रवार को तालिबान के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि तालिबान ने अमेरिकी सेना को अफगानिस्तान छोड़ने के लिए मजबूर करने का अच्छा काम किया है. अंसारी ने साथ ही तालिबान को क्रांतिकारी बताया.
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन के बाद में मीडिया से बात करते हुए, अंसारी ने कहा, “उनकी सराहना की जानी चाहिए क्योंकि उन्होंने अमेरिकियों को अफगानिस्तान से खदेड़ दिया था. जामताड़ा से दो बार के कांग्रेस विधायक अंसारी ने कहा, हम सभी जानते हैं कि अमेरिकी सेना ने अफगानिस्तान में किस तरह की ज्यादती की है.
जामताड़ा विधायक के बयान पर झारखंड की राजनीति से लेकर सोशल मिडीया तक हंगामा मचा हुआ है. एएनआइ द्वारा ट्वीट किए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोग लाइक और रीट्वीट कर रहे हैं. बड़ी संख्या में लोग कमेंट कर इरफन को खरी-खोटी सूना रहे हैं. कुछ कमेंट तो ऐसे हैं जिन्हें बताया भी नहीं जा सकता है. एक यूजर ने कमेंट किया-वहां जाओगे तो पता चलेगा. अंसारी देशभर में साइबर अपराध के चर्चित झारखंड के जामताड़ा जिले के जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं. वे कांग्रेस की राजनीति करते हैं. कुछ दिनों पहले तक वे झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष थे.




