
KOLKATA : बंगाल में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी कंटेनमेंट जोन में जारी संपूर्ण लॉकडाउन को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है. राज्य सरकार ने सभी कंटेनमेंट जोन में बीते 9 जुलाई से एक सप्ताह के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लागू किया था. वहीं, मामलों में लगातार वृद्धि को देखते हुए फिर इसे बढ़ाकर 19 जुलाई तक कर दिया था. अब एक बार फिर इसको बढ़ाकर 31 जुलाई तक कर दिया है.
दरअसल, पिछले 2 दिनों से बंगाल में कोरोना के काफी डराने वाले आंकड़े सामने आए हैं. शनिवार को रिकॉर्ड 2198 नए मामले एवं रविवार को 2278 नए मामले आए. रविवार को रिकॉर्ड 36 मौतें भी हुई. राज्य में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 42,000 को पार कर चुका है एवं अब तक 1112 लोगों की मौत हो चुकी है. खासकर राजधानी कोलकाता व इससे सटे हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना व हुगली जिले में सबसे भयावह स्थिति देखी जा रही है. इन्हीं जिलों से रोजाना सबसे अधिक मामले सामने आ रहे हैं. रविवार को कोलकाता से रिकॉर्ड 662 एवं उत्तर 24 परगना से 544 नए मामले आए.
इसे भी पढ़ेंः भारत में कम्यूनिटी ट्रांसमिशन हो रहा, पर इसके पर्याप्त सबूत नहीं: AIIMS डायरेक्टर
कंटेनमेंट जोन की सूची में 63 और क्षेत्रों को शामिल किया
इन्हीं जिलों में सबसे ज्यादा कंटेनमेंट जोन भी है. एक दिन पहले कंटेनमेंट जोन की सूची में 63 और क्षेत्रों को शामिल किया गया जिसके बाद राज्य में इसकी संख्या बढ़कर 739 हो गई है. इनमें उत्तर 24 परगना में सबसे अधिक 113, दक्षिण 24 परगना में 67, हावड़ा में 85 एवं कोलकाता में 32 कंटेनमेंट जोन है. राज्य सरकार का कहना है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए कंटेनमेंट जोन में बेहद सख्त प्रबंध लागू किया जा रहा है.
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 11 लाख 18 हजार 43 हो गई है. इसमें से 7 लाख 87 मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं और सक्रिय मरीज की संख्या 3 लाख 90 हजार 459 रह गई है. अब तक 27 हजार से अधिक लोगों की जान भी जा चुकी है.
इसे भी पढ़ेंः झारखंड पुलिस मुख्यालय के 22 पुलिस कर्मी मिले कोरोना पॉजिटिव, रांची जिले में कुल 37 नये संक्रमित
हर हफ्ते 2 दिन पूरे राज्य में रहेगा संपूर्ण लॉकडाउन
बंगाल में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार ने सोमवार को बड़ा फैसला लिया. इसके अनुसार, अब पूरे राज्य में हर सप्ताह 2 दिन संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद राज्य के गृह सचिव अलापन बंदोपाध्याय ने इसकी घोषणा की. उन्होंने बताया कि इस हफ्ते गुरुवार व शनिवार को संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा. वहीं, अगले हफ्ते बुधवार को लॉकडाउन रहेगा.
इसके अलावा किस दिन लॉकडाउन होगा इस बारे में हर हफ्ते बैठक के बाद दिन की घोषणा की जाएगी. गृह सचिव ने साथ ही बताया कि कंटेनमेंट जोन में जो लॉकडाउन लागू है वह जारी रहेगा एवं इसके अतिरिक्त हर हफ्ते पूरे राज्य में 2 दिन लॉकडाउन लागू किया जाएगा. इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार की गतिविधियों पर रोक होगी. पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा से लेकर सभी निजी व सरकारी प्रतिष्ठान, दुकान, कारखाने आदि सब बंद रहेंगे.
इसे भी पढ़ेंः झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव और आवासीय स्थिति के कारण कोरोना संक्रमण का खतरा सबसे अधिक




