Dhanbad: स्थायी सेवा की मांग को लेकर धनबाद में पदस्थापित कुल 86 सहायक पुलिसकर्मी पैदल मार्च करते हुए रांची के लिए रवाना हो गये हैं. वे शनिवार को सीएम आवास का घेराव करेंगे. झारखंड के 12 राज्यों में पदस्थापित 2500 सहायक पुलिसकर्मी घेराव कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं.
ज्ञात हो कि चरणबद्ध आंदोलन की कड़ी में इससे पूर्व सहायक पुलिसकर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर अपनी ड्यूटी की. इसके उपरांत अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारम्भ किया. इसके बावजूद इन सहायक पुलिसकर्मियों की मांगें पूरी नहीं हुईं जिसे लेकर अब इन्होंने अब रांची में सीएम आवास घेराव कार्यक्रम जारी रखने का निर्णय लिया है.
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में झारखण्ड के 12 जिलों में कुल 2500 महिला-पुरुष सहायक पुलिस के पद पर बहाल हुए थे. दो साल के अनुबंध पर इन्हें 10 हजार रुपये मासिक मानदेय पर बहाल किया गया था. तत्कालीन सरकार ने इनका एक वर्ष का सेवा विस्तार भी किया. पिछले 20 अगस्त को इन सहायक पुलिस कर्मियों की सेवा की अवधि पूरी हो चुकी है.
इसे भी पढ़ें – मनरेगा में होने वाली गड़बड़ियों को दूर करने के लिए ग्रामीण विकास विभाग ने बनाया प्लान, डीडीसी को दिया टास्क
चरणबद्ध आंदोलन कर रहे सहायक पुलिसकर्मी
नियमानुसार सेवा स्थायी करने की मांग को लेकर सहायक पुलिस कर्मियों ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है. वहीं सहायक पुलिसकर्मियों का कहना है कि अन्य पुलिसकर्मियों की भांति सहायक पुलिसकर्मियों ने भी चुनाव ड्यूटी, ट्रैफिक ड्यूटी व कोविड-19 जैसी विपरीत परिस्थिति में भी निष्ठा भाव के साथ योगदान दिया है.
वर्ष 2017 में बहाली के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के द्वारा यह घोषणा की गयी थी कि सहायक पुलिसकर्मियों की सेवा स्थायी की जायेगी. आज सभी 12 जिले में पदस्थापित सहायक पुलिसकर्मी अपनी नौकरी को लेकर संशय में हैं. हर जिले में स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौपकर स्थायी नियुक्ति के सम्बंध में सरकार तक बात पहुंचाने का आग्रह कर चुके हैं. अब अपनी मांगों को लेकर हरसम्भव आंदोलन करने के लिए विवश हैं.
इसे भी पढ़ें – नेतरहाट आवासीय विद्यालय में हैं सिर्फ 37 शिक्षक, इन्हीं के भरोसे हैं 500 स्टूडेंट्स का भविष्य




