
Ranchi : झारखण्ड के सुखाड़ ग्रस्त और लगातार पानी का संकट करनेवाले जिलों गढ़वा, पलामू, और लातेहार के किसानों के लिए झारखण्ड सरकार ने सोमवार को नीलाम्बर-पीताम्बर जल-समृद्धि योजना का शुभारंभ किया.
सीएम हेमंत सोरेन ने रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन से इसका उदघाटन करते हुए इसे वर्षा जल संरक्षण की दिशा में इसे एक अहम योजना बताया.
पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के अनुसार नीलाम्बर-पीताम्बर जल-समृद्धि योजना से गढ़वा-पलामू और लातेहार के किसानों को विशेष लाभ होगा.
झारखंड का अधिकांश भू-भाग पठारी क्षेत्र है. राज्य की जमीनी भौगोलिक बनावट उबड़-खाबड़ होने के कारण अधिकांश वर्षा जल बह कर राज्य से बाहर चला जाता है.
पानी की कमी के कारण राज्य में अधिकतर खरीफ की ही खेती होती है. नीलाम्बर-पीताम्बर जल-समृद्धि योजना से बड़ी राहत मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : #Jharkhand: विभाग को दिव्यांजनों का आंकड़ा मालूम नहीं, 5 सालों में उपकरणों की खरीद पर 14.27 करोड़ खर्च
अब होगी दो-तीन फसलों की खेती
मिथिलेश कुमार ठाकुर के अनुसार राज्य में होने वाले वर्षापात का संरक्षण करने से जल की उपलब्धता बढ़ेगी. अब राज्य के किसान अब दो-तीन फसल का उत्पादन कर सकेंगे.
खेत का पानी खेत में रोकने के लिये यह योजना कारगर सिद्ध होगी. विभिन्न संरचनाओं के माध्यम से किसान इसका लाभ उठा सकते हैं. इस योजना से राज्य की वार्षिक जल संरक्षण क्षमता में 5 लाख करोड़ लीटर की वृद्धि होगी.
साथ ही 5 लाख एकड़ बंजर भूमि का संवर्द्धन भी हो सकेगा. राज्य में होने वाली वर्षा के जल का संरक्षण कर राज्य में जल की उपलब्धता अब बढ़ाई जा सकेगी.
इसे भी पढ़ें : कोरोना वॉरियर से फर्जीवाड़ा: रिम्स माइक्रोबायोलॉजी एचओडी के नाम का फर्जी एकाउंट बना वैज्ञानिक से ठगे 15 हजार
पलामू डिवीजन को बड़ी राहत
योजना का लाभ वैसे किसानों को भी मिलेगा जिनके खेतों की संरचना अधिक ढाल वाली या कम ढाल वाली है. खेतों की संरचना किसी भी प्रकार की हो, किसानों को इसका लाभ मिल सकेगा.
इसके अतिरिक्त इस योजना का क्रियान्वयन गांवों में अवस्थित सार्वजनिक उपयोग में आने वाले हैंडपंप, कुआं इत्यादि स्थानों पर भी किया जा सकेगा जिससे भूमिगत जल संरक्षण की क्षमता में वृद्धि होगी.
गढ़वा, पलामू और लातेहार जिले में निवास करने वाले सभी लोग पानी की समस्या से वर्षों से जूझते आ रहे हैं. पानी के एक-एक बूंद का महत्व यहां के लोग बखूबी जानते हैं.
हेमंत सरकार द्वारा जनहित में लागू किये गये नीलाम्बर-पीताम्बर जल-समृद्धि योजना का लाभ सभी को मिलेगा और विशेषकर गढ़वा, पलामू और लातेहार के लोग इससे लाभान्वित होंगे.
इसे भी पढ़ें : #Lockdown : केंद्र सरकार ने विदेशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने को मंजूरी दी




