
Ranchi: साल ही पहली छमाही खत्म होने के बाद कल एक जुलाई से कई नियम बदलने वाले हैं. इनमें से कुछ ऐसे नियम हैं जो सीधे हमारी- आपकी जेब पर असर डालने वाले हैं. आइए जानते हैं कि एक जुलाई से क्या-क्या बदलने वाला है..
देश भर में क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर (QCO) लागू
केंद्र सरकार ने एक जुलाई 2023 से देशभर में क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर (QCO) लागू करने का एलान किया है. इस नियम के लागू हो जाने से देश में खराब क्वालिटी के जूते-चप्पलों की बिक्री पर पाबंदी लग जाएगी. सभी फुटवियर कंपनियों के लिए इन नियमों का पालन करना जरूरी हो जाएगा. ऐसे में एक जुलाई से देश में खराब क्वालिटी के जूते-चप्पलों के निर्माण और बिक्री पर पाबंदी लग जाएगी.
आधार-पैन लिंक नहीं किया तो होगी परेशानी
अगर अभी तक अपने आधार कार्ड और पैन कार्ड को आपने लिंक नहीं किया है, तो एक जुलाई से आपको परेशानी हो सकती है. आधार पैन लिंक करने की आखिरी तारीख आज यानी 30 जून 2023 है. इसका मतलब है अगर आपने आज अपना आधार पैन लिंक नहीं किया तो कल यानी 1 जुलाई 2023 आपका पैन कार्ड इनएक्टिव हो जाएगा. पैन-आधार की ऑनलाइन लिंकिंग में समस्या आने पर इसे NSDL और UTITSL के पैन सेवा केंद्रों से ऑफलाइन भी करवा सकते हैं. अगर सरकार ने आधार और पैन को लिंक करने की तिथि को आगे बढ़ाई तो आपको राहत मिल सकती है.
आरबीआई बचत बॉन्ड की दरों में बदलाव
लोग आमतौर एफडी में निवेश को सबसे सुरक्षित मानते हैं। पर वर्तमान में एफडी के अलावे भी कई विकल्प हैं जिनमे निवेश कर एफडी से बढ़िया मुनाफा बनाया जा सकता है. ऐसे एक तरीका है आरबीआई के फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड में निवेश. एक जुलाई 2023 से इनपर मिलने वाला ब्याज दर बैंकों की एफडी से भी अधिक होगा. फिलहाल, इस पर बॉन्ड पर 7.35 फीसदी की दर से ब्याज दिया जा रहा है, जो 1 जुलाई से इसे बढ़ाकर 8.05 फीसदी किया जा सकता है. इस बॉन्ड के ब्याज दरों में हर छह महीने में बदलाव किया जाता है. इस बार यह बदलाव एक जुलाई को होना है.
दुनिया का चौथा सबसे बड़ा बैंक बन जाएगा एचडीएफसी बैंक
हाऊसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन दीपक पारेख ने बीते मंगलवार को कहा कि निगम का एचडीएफसी बैंक के साथ विलय एक जुलाई से प्रभावी होगा। पारेख ने कहा कि एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी के निदेशक मंडल की बैठक 30 जून को बाजार बंद होने के बाद होगी। इस बैठक में विलय पर औपचारिक निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में एक जुलाई से एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी एक हो जाएंगे। विलय के बाद एचडीएफसी बैंक मार्केट कैप के लिहाज से दुनिया का चौथा सबसे बड़ा बैंक बन जाएगा। बता दें कि एचडीएफसी बैंक ने पिछले साल 4 अप्रैल को लगभग 40 अरब डॉलर के सौदे में सबसे बड़े घरेलू बंधक ऋणदाता एचडीएफसी का अधिग्रहण करने पर सहमति व्यक्त की थी।
एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को पेट्रोल-डीजल और एलपीजी कीमतों में होने वाले बदलाव के मद्देनजर इस बाद बदलाव दिख सकता है. बीते दो महीनों में पेट्रोलियम कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी कर उपभोक्ताओं को राहत दी थी ऐसे में इस बात के कयास लग रहे हैं कि एक जुलाई से एलपीजी की कीमतों में भी बदलाव हो सकता है. इसके अलावा सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में भी बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा जेट फ्यूल फ्यूल के भाव भी महीने के पहले दिन तय किए जाते है. बीते 1 जून को दिल्ली में जेट फ्यूल यानी एटीएफ की कीमतों में कमी आई थी. ऐसे में एक जुलाई को सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ की कीमतों में भी बदलाव हो सकता है.




