
Koderma: सावन के अंतिम सोमवारी पर प्रसिद्ध ध्वजाधारी धाम में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ेगी. करीब 50 हज़ार से ज्यादा लोग पहाड़ की उच्ची तलहट्टी 777 सीढी चढ़कर भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती की पूजा करेंगे. यह मान्यता है कि सच्चे मन से मांगने वाले भक्तों की मुरादें अवश्य पूरी होती है. इधर कोडरमा जिला प्रशासन के द्वारा सोमवार को अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है. उपायुक्त मेघा भारद्वाज व एसपी कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से निर्देश जारी कर झुमरीतिलैया के झरनाकुण्ड से लेकर ध्वजाधारी आश्रम, पहाड़ की चोटी तक पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल के साथ दण्डाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया है. इसके अलावे यातायात नियंत्रित करने को लेकर बागीटांड चेकनाका, लोकाई और स्थानीय हनुमान मंदिर समेत विभिन्न चौक चौराहों पर पुलिस बल के साथ दण्डाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया.

डीसी व एसपी द्वारा जारी संयुक्त निर्देश में कहा गया है कि सावन माह के अंतिम सोमवारी को झरनाकुण्ड धाम से ध्वजाधारी धाम तक सुबह 4 बजे से 15 किलोमीटर कांवर पद यात्रा निकाला जाएगा, जिसमे अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है, ऐसे में श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसको सुनिश्चित करें. उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि सावन की अंतिम सोमवारी को आयोजित होने वाले कांवर पद यात्रा को शांतिपूर्ण सफल बनाने के लिए विधि व्यवस्था चाक चौबंद किया गया है. वहीं झरनाकुण्ड से लेकर ध्वजाधारी धाम तक सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है. श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए यात्रा के दौरान पुलिस और दंडाधिकारी साथ में रहेंगे. वहीं रविवार शाम को कोडरमा एसपी कुमार गौरव, एसड़ीपीओ प्रवीण पुष्कर, एसडीओ, कोडरमा थाना प्रभारी द्वारिका राम ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कई निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत नहीं हो.
निजी स्कूल रहेंगे बन्द
ध्वजाधारी धाम में सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवभक्तों की उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रण करने को लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर डीएसई सह प्रभारी डीईओ नयन कुमार ने पत्र निकाल जिले के निजी विद्यालय को बन्द रखने का निर्देश दिया है. इस आलोक में निजी विद्यालयों के द्वारा रविवार को इसकी सूचना विभिन्न सोशल मीडिया के माध्यम से दे दी है.




