
Chatra : चतरा पुलिस ने जिले में सक्रिय अफीम तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है. एसपी ऋषभ झा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर राजपुर थाना पुलिस ने साढ़े 14 लाख रुपये नकद, डेढ़ किलो अफीम व विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल फोन के साथ अंतरजिला गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. तस्करों की गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के चारू गांव से हुई है.
इसे भी पढ़ें- धनबाद : भोजपुरी गायक भरत शर्मा के घर कुर्की जब्ती
थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ब्राउन शुगर बनाने को लेकर अफीम तस्कर बड़े पैमाने पर अफीम की खरीद करने की योजना से चारू गांव में एकत्रित हुए हैं. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारू गांव में स्थित अफीम तस्कर पिंटू दांगी के घर पर छापामारी की. छापामारी के दौरान उसके घर से अफीम खरीद को लेकर रखा 14 लाख 50 हजार रुपये नकद, सैंपल के लिए रखी डेढ़ किलो अफीम के अलावा आईफोन समेत विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल फोन बरामद किये हैं.
भाग गया मास्टरमाइंट पिंटू दांगी
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर संजय दांगी गिद्धौर थाना क्षेत्र का रहनेवाला है, जबकि दूसरा तस्कर निर्मल मंडल गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र का निवासी है. उन्होंने बताया कि छापामारी के दौरान गिरोह का मास्टरमाइंड पिंटू दांगी पुलिस को देखकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से भागने में सफल रहा. उन्होंने बताया कि मास्टरमाइंड पिंटू दांगी गिरफ्तार तस्कर संजय दांगी का साला है. संजय और निर्मल दोनों पूर्व में भी अफीम तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं. जेल से निकलने के बाद दोनों पुनः पिंटू दांगी के साथ मिलकर अफीम तस्करी में जुटे थे. थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य तस्करों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी को लेकर सघन अभियान चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- गोदाम में छापा, 40 किलो गुटखा बरामद, दुकानदार गिरफ्तार




