
- सालाना 65 करोड़ रुपये के अंडे की खरीद करता है महिला और बाल विकास विभाग
- रिवर्स ऑक्सन विधि से हुआ था कंपनी का चयन
Deepak
Ranchi: एकबार फिर से न्यूज विंग की खबर का असर हुआ है. और अंडा खरीद को लेकर झारखंड सरकार ने किसान पोल्ट्री फॉर्म की जानकारी तमिलनाडु गवर्नमेंट से लेने का निर्णय लिया है. ज्ञात हो कि न्यूजविंग ने आगंनबाड़ी और मिड डे मील के लिए खरीदे जानेवाले अंडे से संबंधित खबर, ‘ब्लैक लिस्टेड कंपनी से आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अंडा खरीद रही सरकार’ प्रकाशित की थी. जिसके सरकार ने कंपनी के बारे में जानकारी लेने का निर्णय लिया है.
महिला और बाल विकास विभाग की तरफ से तमिलनाडु सरकार से यह जानकारी ली जायेगी कि किसान पोल्ट्री फॉर्म और क्रिस्टी फ्राइडग्राम्स इंडस्ट्रीज के बीच क्या संबंध है. महिला और बाल विकास मंत्री लुईस मरांडी ने समाज कल्याण निदेशक को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. समाज कल्याण निदेशक मनोज कुमार सोमवार 21 जनवरी को तमिलनाडु के समाज कल्याण निदेशक को पत्राचार के जरिये औपचारिकताएं पूरी करेंगे. इस कंपनी को कर्नाटक में ब्लैक लिस्टेड करने के कागजात भी अब खोजे जा रहे हैं.
आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सालाना 65 करोड़ का अंडा खरीदती है सरकार

झारखंड सरकार प्रत्येक वर्ष 38,500 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 65 करोड़ का अंडा खरीदती है. किसान पोल्ट्री फॉर्म का कार्यादेश अप्रैल 2019 में समाप्त हो रहा है. आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 बच्चों के लिए सप्ताह में तीन दिन तक अंडा देना झारखंड में अनिवार्य किया गया है. यह अतिरिक्त पोषाहार (फूड सप्लीमेंट) के रूप में बच्चों को दिया जा रहा है. तीन वर्ष से छह आयु वर्ग के बच्चों को केंद्रों पर रेडी टू इट फूड पैकेट के अलावा अंडा दिया जा रहा है. ताकि उनका मानसिक और शारीरिक विकास हो सके. प्रत्येक सप्ताह 6.30 लाख अंडे खरीदे जा रहे हैं. आंगनबाड़ी केंद्रों के 50 हजार बच्चों को अंडा दिया जा रहा है.
रिवर्स ऑक्शन के जरिये मिला था टेंडर
किसान पोल्ट्री फॉर्म को रिवर्स ऑक्शन के जरिये अंडे की आपूर्ति का टेंडर मिला था. झारखंड सरकार और नेशनल ई-टेंडर पोर्टल के जरिये ऑक्शन किया गया था. इसमें किसान पोल्ट्री फॉर्म का चयन किया गया था. अब विभाग की तरफ से यह पता लगाया जा रहा है कि क्या एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी से कोई वस्तू की खरीद-बिक्री हो सकती है अथवा नहीं. विभाग के पास यह शिकायत भी आयी है कि किसान पोल्ट्री फॉर्म एक शेल कंपनी है. जिसने गलत तरीके से झारखंड में अंडे की आपूर्ति की निविदा प्राप्त कर ली है.
इसे भी पढ़ेंः कोल कारोबार में TPC कनेक्शनः HC का जांच कमेटी बनाने का निर्देश जबकि CM की अनुमति के लिए 2.5 साल से लंबित है SIT का प्रस्ताव




