
Palamu: मुगलसराय रेल मंडल के उंटारी और करकटा रेलवे स्टेशन के बीच में रविवार की दोपहर एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. उनका शव पोल संख्या 331/34 से बरामद किया गया. दोनों युवक युवती आपस में भाई बहन बताए गए हैं. दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और शादी करना चाहते थे. इसके लिए परिजन तैयार नहीं थे.
जानकारी के अनुसार प्रेमी जोड़े में मृत युवक की पहचान गढ़वा के कांडी थाना क्षेत्र के रामबांध निवासी ललन बैठा का पुत्र नंदलाल बैठा (22) व उंटारी थाना क्षेत्र के गटीअरवा गांव निवासी राकेश बैठा के पुत्री खुशबू कुमारी उर्फ लक्खी (20) के रूप में हुई है. दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से प्रेम प्रसंग का मामला चल रहा था. युवक और उसके बड़े भाई के बीच शादी को लेकर मामूली विवाद भी हुआ था, जिसके बाद प्रेमी युवक ने लाइन से कट कर जान देने की बात कहकर घर से निकल गया था.
युवक के परिजनों ने कहा कि नंदलाल की शादी लग चुकी थी लेकिन नंदलाल शादी करने को तैयार नहीं था. वहीं मृत युवती के भाई ने बताया कि उसकी बहन सुबह 10 बजे तक घर में थी. किसी तरह की कोई भी बात साझा नहीं की थी. अचानक इतनी बड़ी घटना सामने आई, उन्हें इसका आभास भी नहीं हो पाया.
मामले की जानकारी होने के बाद घटना स्थल पर पहुंची उंटारी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और अंत्यपरीक्षण के लिए मेदनीनगर के एमआरएमसीएच भेज दिया है. जबकि मामले की जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें: पलामू : अवैध गांजा की खरीद बिक्री औऱ खेती के खिलाफ करने के आरोप में दो गिरफ्तार




