
NewDelhi : पांचवें चरण में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. लेकिन पश्चिम बंगाल में मतदान के क्रम में हिंसक घटनाएं रुक नहीं रही हैं. पांचवें चरण के मतदान में बंगाल के कुछ इलाकों में हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं. जिनके आधार पर भाजपा ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर गुंडागर्दी फैलाने का आरोप लगाया है. भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बंगाल में जो हो रहा है उसकी हम भर्त्सना करते हैं.
जावड़ेकर ने दावा किया कि बैरकपुर में भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह के साथ मारपीट की गयी है, जिससे वे जख्मी हो गये हैं. कहा कि जो मतदाता टीएमसी को वोट नहीं कर रहे हैं, उन्हें टीएमसी के गुंडे धमिकयां दे रहे हैं. जावड़ेकर ने बंगाल में चुनाव के दौरान हो रही हिंसक घटनाओं के लिए सीधे तौर पर सीएम ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया. जावड़ेकर ने कहा कि ममता दीदी बाजी हार रही हैं, इसीलिए वह हेरा-फेरी कर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें मोदी ने कहा, दीदी ने तूफान पर भी राजनीति की, फोन नहीं उठाया
केंद्रीय सुरक्षाबलों को तैनात नहीं किया गया
प्रकाश जावड़ेकर ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को बुरी तरह पीटा गया है, मतदाताओं को पोलिंग बूथ पर नहीं पहुंचने दिया जा रहा है. जावड़ेकर ने एक और बड़ा आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग के निर्देश के बावजूद केंद्रीय सुरक्षाबलों को तैनात नहीं किया गया है. कहा कि चुनाव आयोग मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकता है. जावड़ेकर ने बताया कि भाजपा पहले ही बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर को हटाने की मांग चुनाव आयोग से कर चुकी है.
बता दें कि बैरकपुर में आज भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई . भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया. इसके जवाब में टीएमसी ने भाजपा पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है. भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह ने कहा कि मोहनपुर इलाके में उन पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमला किया है.
इसे भी पढ़ें रमजान में मतदान के समय में बदलाव से चुनाव आयोग का इनकार
वोटर्स को धमकाया जा रहा है
आरोप ल्गाया कि मुझे पोलिंग बूथ से बाहर खींच लाये. वोटर्स को धमकाया जा रहा है. मुझे चोट आयी है. सुरक्षा उपायों पर सवाल उठाते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि केंद्रीय बल के जवान शराब के नशे में हैं. हालांकि, टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर ही गुंडागर्दी का आरोप लगाया है. . टीएमसी कार्यकर्ताओं का कहना है कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, तभी भाजपा प्रत्याशी आये और हंगामा करने लगे.
इसके कारण मतदान प्रभावित हुआ. मौके पर पहुंचे सुरक्षाबलों के जवानों ने दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को हटा दिया है. बैरकपुर सीट पर भाजपा की तरफ से अर्जुन सिंह, तृणमूल कांग्रेस से दिनेश त्रिवेदी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से गार्गी चटर्जी, कांग्रेस से मोहम्मद आलम के बीच कड़ा मुकाबला है.




