
Ranchi: झारखंड राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी संघ ने सोमवार को काला बिल्ला लगाकर काम किया. बैंक के मुख्यालय सहित राज्यभर के 105 शाखाओं में विरोध प्रदर्शन कर काम किया गया. 18 अक्टूबर को भी बैंक कर्मी काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन करेंगे. इसके बाद भी कर्मचारियों की मांगे नहीं मानी जाती है तो 19 अक्टूबर को मुख्यालय परिसर में गांधीवादी तरीके से शान्तिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा. संघ के अध्यक्ष अनिल पी पन्ना ने कहा कि कई सालों से बैंक के कर्मचारी अपनी मांगों को प्रबंधन के समक्ष रखते आ रहे हैं. लेकिन 4 साल बीत जाने के बाद भी अभी तक कर्मचारियों की बेसिक मांग भी पूरी नहीं की गयी है. उनका कहना है कि अन्य राज्य के सहकारी बैंकों की तुलना में झारखंड राज्य सहकारी बैंक के कर्मचारियों का वेतनमान बहुत कम है.
इसे भी पढ़ें: जेल में बंद कारोबारी अमित अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से लगा झटका,राहत देने से कोर्ट का इंकार
संघ के महासचिव चंदन कुमार प्रसाद ने कहा कि हमलोग कई सालों से कर्मचारियों की लड़ाई लड़ रहे हैं. लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी प्रबंधन ने हमलोगों की मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया,जो बेहद निराशाजनक है. अब उनके समक्ष आंदोलन ही एकमात्र विकल्प बचा है. 19 अक्टूबर के आंदोलन के बाद भी यदि प्रबंधन उनकी मांगों को नहीं मानती है तो 26 अक्टूबर को एकदिवसीय हड़ताल और तालाबंदी किया जायेगा. इस दौरान संतोष साहू, चंदन कुमार प्रसाद समेत अन्य भी मौजूद रहे.
ये है मांगें
ग्रेड-पे में बढ़ोतरी, कर्मचारियों को प्रमोशन, रिक्त पदों पर बहाली, स्टेशनरी आपूर्ति की समस्या का समाधान, कर्मचारियों का मेडिकल इंश्यारेंस, बैंक में शीर्ष प्रबंधन का गठन शामिल है.




