
Palamu: डालटनगंज रेलवे स्टेशन से सटे रेडमा ओवर ब्रिज के समीप डाउन लाइन पर गिरकर एक पुलिस हवलदार की शुक्रवार को मौत हो गई. पुलिस हवलदार की पहचान 52 वर्षीय हीरालाल प्रधान के रूप में हुई है. ड्यूटी खत्म करने के बाद हीरालाल रेडमा ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पार कर रेडमा की ओर कुछ काम से जा रहे थे. इसी क्रम में पैर फंसने के बाद फिसल कर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वे सरायकेला के निवासी थे.
सूचना मिलने के बाद टीओपी 1 के प्रभारी रेवा शंकर राणा सहित अन्य जवान और रेलवे से जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और हवलदार के शव को कब्जे में लिया. साथ ही एमएमसीएच में पोस्टमार्टम कराने के बाद मौन रखकर और श्रद्धा सुमन अर्पित कर पार्थिव शव सरायकेला भेज दिया. सरायकेला पुलिस लाइन में शनिवार को सलामी दी जाएगी. इसके बाद दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होगी.
मेदिनीनगर पुलिस लाइन से पार्थिव शव भेजने के क्रम में 25 हजार का सहयोग दाह संस्कार के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को दिया गया. अन्य लाभ और नौकरी को लेकर प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
बताया जाता है कि पुलिस हवलदार हीरालाल प्रधान पीसीआर 2 में कार्यरत थे और 8 बजे से 2 बजे तक ड्यूटी करने के बाद तीन बजे के करीब किसी जरूरी काम से रेडमा ओवरब्रिज के नीचे से रेडमा की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में रेलवे लाइन में पैर फंसाने के कारण फिसल कर गिर गए और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि शाम हो जाने के कारण झंडा उतर गया था. इस कारण सलामी की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई. शव के खराब होने के चलते भी रात को यहां नहीं रोका गया. हीरालाल प्रधान 24 वर्ष से पुलिस सेवा में थे और पलामू जिले में पिछले 10 साल से कार्यरत थे.
शोक व्यक्त करने वालों में सार्जेंट मेजर अनिश मोहित कुजूर, इंस्पेक्टर प्रमोद रंजन, मेजर विमल कुमार, सार्जेंट मेरी खलका, पुलिस एसोसिएशन से नरेंद्र सिंह, विक्रांत दुबे, नीलांबर गोप सहित अन्य मौजूद थे.




