
Dhanbad: सत्तर वर्षीय महिला के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. घटना सुदामडीह थाना क्षेत्र का है. सुदामडीह पुलिस ने बुधवार को महिला के घर पहुंच कर जांच-पड़ताल की. पीड़ित परिवार के अनुसार आरोपी बरारी एक नंबर का रहने वाला है. घटना मंगलवार दोपहर की है. वृद्ध महिला के घर पर बहू और बेटा नहीं थे. दो छोटे-छोटे बच्चे थे. पड़ोसियों की मानें तो महिला चिल्ला रही थी लेकिन उन्हें यह समझ में नहीं आया कि वह चिल्ला क्यों रही है.
जानकारी के मुताबिक, सुदामडीह थाना क्षेत्र की मोहलबनी नीचे बस्ती में रहने वाली 70 वर्षीया महिला के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता ने सुदामडीह पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि बरारी एक नम्बर का रहने वाला सूरज नामक युवक 27 मार्च को उसके घर आया था. उस समय वह घर में अपने दो छोटे-छोटे पोतों के साथ थी. बेटा और बहू मजदूरी करने बाहर गए थे. उम्र ज्यादा होने के कारण उसे कुछ भी दिखाई नहीं देता है. युवक ने दरवाजा खटखटाया, तो बच्चों ने गेट खोल दिया. युवक सीधे घर में घुस आया और शराब का सेवन कर उसके साथ दुष्कर्म किया. शोर मचाने पर वह भाग निकला.
पीड़िता को साफ़ साफ़ दिखाई भी नहीं देता
पीड़िता, जिसे आंख से साफ-साफ दिखाई नहीं पड़ता, कहती है कि एक युवक आकर उसके खाट पर बैठ गया. वह उसे धकेल कर गिराने की कोशिश भी की लेकिन वह बैठा रहा. वह कह रहा था कि पेंशन बनवाने के लिए आया है. फिर छोटे बच्चों को भेजकर शराब और सिगरेट मंगवाई, उसी घर में बैठकर शराब का सेवन किया और उसके बाद वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म किया. पड़ोसियों ने बताया कि महिला का शोर सुनकर पहले उनलोगों ने समझा कि खाना खाने के लिए हल्ला कर रही है. लेकिन नजदीक जाने पर पूरी घटना की जानकारी मिली.
घटना की सूचना बुधवार को जब फैली तो सुदामडीह पुलिस के हाथ पांव फूल गए. पुलिस पीड़िता के घर पहुंची, पूछताछ की, उसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. सुदामडीह थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी युवक फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. वहीं यह घटना लोगों को झकझोर दिया है. लोग सोचने को मजबूर हो गए हैं कि आखिर आदमी के रूप में राक्षस कब तक समाज में बने रहेंगे. कब तक मां बहनों की इज्जत के साथ खिलवाड़ होता रहेगा.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: अवैध लॉटरी के साथ 7 कारोबारी गिरफ्तार, हजारों टिकटें जब्त




