JharkhandPalamu

पंचायत भवन निर्माण की धीमी प्रगति पर जिप उपाध्यक्ष ने जतायी नाराजगी

Palamu : पंचायत भवन निर्माण की धीमी प्रगति पर जिला परिषद उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने नाराजगी जतायी. उन्होंने कनीय अभियंता और सहायक अभियंता को कड़ी फटकार लगायी. वे जिला परिषद द्वारा संचालित विकास कार्यो की समीक्षा कर रहे थे. समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने पाया कि कई पंचायत भवनों का काम अभी शुरू भी नहीं हो पाया है. इस पर नाराजगी जातते हुए उन्होंने आगामी 25 जुलाई तक पंडवा, विश्रामपुर, हरिहरगंज, हैदरनगर और छत्तरपुर में पंचायत भवनों का निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि अगर निर्धारित तिथि पर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो संबंधित संवेदकों को काली सूची में डालकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. इतना ही नहीं संबंधित कनीय अभियंता और सहायक अभियंता के विरूद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए सरकार को पत्र लिखा जायेगा.

इसे भी पढ़ें- मॉनसून सत्र : कार्यवाही को जनता ने 12 करोड़ से सींचा, मिला सिर्फ ‘सुखाड़’

डंडीला पंचायत भवन के संवेदक को काली सूची में डालने का निर्देश

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने हुसैनाबाद प्रखंड के डंडीला पंचायत भवन के संवेदक राकेश कुमार यादव द्वारा कार्य नहीं किए जाने पर रोष व्यक्त करते हुए उसे काली सूची में डालते हुए उसकी जमानत राशि जब्त करने का निर्देश दिया. उन्होंने हरिहरगंज में तीन, लेस्लीगंज में एक, पांडू में एक और चैनपुर के भड़गावां में एक सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्यादेश निर्गत नहीं होने पर भी नाराजगी जाहिर की.

इसे भी पढ़ें- अवैध उत्खनन वाले क्षेत्रों के सीओ और थाना प्रभारी होंगे जिम्मेवार : डीसी

डाक बंगला की मरम्मत का नया प्राक्कलन जल्द प्रस्तुत करने का निर्देश

उन्होंने 25 जूलाई तक कार्यादेश निर्गत करने का निर्देश जिला अभियंता को दिया. उन्होंने नये दुकान निर्माण एवं सभी डाक बंगला की मरम्मत का नया प्राक्कलन एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश जिला अभियंता और सहायक अभियंता को दिया. उन्होंने पलामू जिले में प्रस्तावित चार बस स्टैंडों की तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर प्राक्कलन 24 जुलाई तक जिला परिषद कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया.

बैठक में अन्य लोगों के अलावा सहायक अभियंता सुनील कुमार, श्रीमति संध्या कुमारी, रमाकांत, कनीय अभियंता नीरज कुमार, ज्योेति कुमारी, सुषमा कुमारी, धीरेंद्र उरांव, लोकेश चंद्रा, काशीनाथ सिंह, दुर्गेश पांडेय, मिथलेश पांडेय और सहायक अजीत कुमार भी उपस्थित थे.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Related Articles

Back to top button