
Ranchi: राजधानी के बरियातू (एमडीआर-004 पर)-लेग-बड़गाई (रेडो पतरातू रिंग रोड तक) पथ (लेग चौक से कांके-ओरमांझी पथ का लिंक रोड सहित) का चौड़ीकरण-मजबूतीकरण किया जायेगा. पथ निर्माण विभाग ने इसका डीपीआर तैयार करा लिया है. चीफ इंजीनियर यातायात ने इसकी तकनीकी स्वीकृति भी प्रदान कर दी है. 122.22 करोड़ की लागत से यह सड़क बनायी जायेगी. यह रोड रांची-बरियातू रोड पर स्थित बरियातू से प्रारंभ होकर लेग होते हुए बड़गाई, रेडो पतरातू रिंग रोड तक जाती है.
इस रोड के साथ एक लिंक रोड लेग चौक से कांके-ओरमांझी पथ भी शामिल है. इसमें 1.50 किमी रोड पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत है एवं शेष रोड ग्रीन फील्ड है. इस सड़क के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण,यूटिलिटी शिफ्टिंग एवं भू अर्जन के कारण विस्थापित लोगों को पुनर्वासित किया जायेगा. 6.852 किमी इस लंबी रोड में पुल का भी निर्माण किया जायेगा. वर्तमान में इस सड़क का कैरिज-वे 1.5 किमी तक डबल,सिंगल लेन है। जिसकी चौड़ाई कहीं-कहीं सात मीटर व अधिकांश जगह 3.75 मीटर है. ऐसे में विभाग ने इसके सात मीटर चौड़ी व डबल लेन रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है. जल्द ही इससे संबंधित प्रस्ताव पर राज्य मंत्रिपरिषद की स्वीकृति दी जायेगी. सड़क के बननने से बरियातू से कांके रोड तक जाना आसान होगा. आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और पूरे क्षेत्र का विकास होगा.




