
NewDelhi : पीएम नरेंद्र मोदी द्वाराअभिनेता अक्षय कुमार को दिये गये इंटरव्यू के बारे में एक नयी जानकारी सामने आयी है. खबर है कि जी ग्रुप ने पीएम के साथ अक्षय कुमार का इंटरव्यू कराया था. न्यूज वेबसाइट क्विंट ने यह रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट के अनुसार इस इंटरव्यू को तैयार कर समाचार एजेंसी एएनआई को दिया गया था. बता दें कि पीएम का एक घंटे से अधिक कायह इंटरव्यू गैर राजनीतिक था.
इसमें पीएम के आम खाने से लेकर उनके पहनावे के बारे, साथ ही सर्दी होने पर कौन सी दवा लेते हैं जैसे सवाल पूछे गये थे. सूत्रों के अनुसार जो जानकारी सामने आयी है, उसमें पता लगा है कि पीएम नरेंद्र मोदी के इस इंटरव्यू के पीछे जी न्यूज की सीनियर एडिटोरियल टीम शामिल थी.
इसे भी पढ़ें- कांग्रेस का NYAY नोटबंदी, GST से प्रभावित अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाएगा : राहुल
जी न्यूज की टीम ने सारे सवाल तैयार किये
जी की टीम ने अक्षय कुमार को सवालों व अन्य चीजों की पहले से तैयारी करने में मदद की थी. जी न्यूज की टीम ने सारे सवाल तैयार किये थे, जिन्हें अभिनेता अक्षय कुमार ने पीएम मोदी से पूछा था।. जी मीडिया की सीनियर टेक्निकल टीम ने इस इंटरव्यू को रिकॉर्ड किया था. इसके बाद पोस्ट प्रोडक्शन किया गया. क्विंट के अनुसार उसे इंटरव्यू के दिन की एक फोटो भी मिली है.
इस तस्वीर में अक्षय कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हीं कपड़ों में नजर आ रहे हैं जो कपड़े उन्होंने इंटरव्यू के दौरान पहने हुए थे. तस्वीर में जी मीडिया का स्टाफ भी दिखाई दे रहा है. इसमें टेक्निकल और कैमरा डिपार्टमेंट के लोग भी शामिल हैं. कहा गया कि जब एएनआई के पास अपनी प्रोडक्शन टीम है तो फिर जी न्यूज को ऐसा करने की जरूरत क्यों पड़ गयी.
इसे भी पढ़ें- एयर इंडिया की विमान सेवाएं तकनीकी खराबी के कारण दुनियाभर में बाधित
इंटरव्यू में पीएमओ की भूमिका
क्विंट के अनुसार ऐसा इसलिए किया गया कि एजेंसी द्वारा जारी होने के कारण यह इंटरव्यू सभी चैनलों तक पहुंच जायेगा. इन सब के सामने आने पर कुछ सवाल उठ रहे हैं. क्या पीएम से इंटरव्यू के लिए जी ग्रुप ने अक्षय कुमार से संपर्क किया था? पीएमओ ने अक्षय कुमार से संपर्क किया था और जी ग्रुप से प्रोडक्शन के लिए कहा था?
क्या पीएमओ द्वारा ने तय किया था कि इंटरव्यू जी नेटवर्क के जरिए न रिलीज होकर एएनआई के जरिए रिलीज होगा? क़्या जी दूसरी पार्टियों के लिए भी अपनी प्रोडक्शन सर्विसेज देता है? बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर पहले ही जी चैनल पर आ चुका है.




