
Jamshedpur : आदित्यपुर के हरिओम नगर में ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह के साले कन्हैया सिंह की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं. इस बीच पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने पुलिस जांच पर असंतुष्टि जाहिर की है. रविवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच से वे बिल्कुल संतुष्ट नही हैं. उन्होंने कहा कि कन्हैया सिंह की हत्या पर्दे के पीछे का बड़ा खेल है. इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि कन्हैया सिंह के हत्यारों की सूचना देने वाले को एक लाख का इनाम दिया जाएगा. साथ ही जो व्यक्ति हत्यारे के बारे में जानकारी देगा उसका नाम भी गुप्त रखा जाएगा.
पूर्व विधायक ने कहा कि कन्हैया सिंह का किसी से कोई विवाद नहीं था. अब तक उनकी हत्या के मामले में जो भी बातें सामने आ रही है वह जमीन या व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता की आ रही है. हालांकि उससे किसी का कोई लेना- देना तक नहीं है. उन्होंने कहा है कि कन्हैया सिंह की हत्या सोची- समझी साजिश का हिस्सा है ताकि उन्हें कमजोर किया जा सके. यहां बता दें कि घटना के बाद पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने साफ तौर कहा था कि पुलिस मामले में उचित कार्रवाई नहीं करती है तो वे अपने स्तर से मामले की जांच कर सारी बातों का पता लगा लेंगे. अब हत्यारों की जानकारी देने पर एक लाख रुपये की इनाम की घोषणा कर उन्होंने अपने इरादे को खुलेआम जाहिर कर दिया है.
ये भी पढ़ें- Jharkhand Weather Today: झारखंड के इन नौ जिलों में कुछ देर में होगी जोरदार बारिश, मौसम विभाग ने दी ये सलाह




