
Norttingham: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा विकेट कीपर और बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल हुए शिखर धवन की जगह ले सकते हैं. इसके लिए वो इंग्लैंड रवाना हो गये हैं.
पंत का मूल टीम में नहीं चुना जाना चर्चा का विषय रहा था क्योंकि वह पिछले एक साल से शानदार फार्म में थे. इंग्लैंड दौरे पर आये बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया, ‘टीम प्रबंधन के आग्रह पर ऋषभ पंत को कवर के तौर पर भारत से बुलाया गया है.’
इसे भी पढ़ेंःक्रिकेट के साथ कमाई में भी आगे कोहलीः फोर्ब्स की अमीर एथलीटों की लिस्ट में फिर मिली जगह
वह न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से एक दिन पहले यहां पहुंच रहे हैं. लेकिन 21 साल का यह खिलाड़ी शुरुआती प्लेइंग इलेवन में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होगा, क्योंकि धवन पर अंतिम फैसला लेने के बाद ही पंत को मौका मिलने की संभावना बनेगी.
खबरों के मुताबिक भारतीय टीम मैनेजमेंट धवन की चोट से जुड़ी पूरी रिपोर्ट ICC टेक्निकल टीम को सौंपेगी. इसके बाद रिप्लेसमेंट का अनुरोध किया जाएगा.
एक साल में पंत का में शानदार प्रदर्शन
पंत ने पिछले एक साल में प्रभावशाली प्रदर्शन किया. उन्होंने इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया में टेस्ट मैचों में शतक भी लगाये.
ऋषभ पंत ने टीम इंडिया की ओर से अब तक 5 वनडे खेले हैं. इस बार आईपीएल में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए 37.53 की औसत से 488 रन बनाए, जिसमें उनके तीन अर्धशतक शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 162.66 का रहा
उल्लेखनीय है कि सुनील गावस्कर सहित कई पूर्व खिलाड़ियों ने धवन के फिट नहीं हो पाने पर उनकी जगह पंत को टीम में शामिल करने की वकालत की थी.
चोटिल होने के कारण धवन बाहर
बता दें कि अंगूठे की चोट की वजह से शिखर धवन तीन हफ्तों तक मैदान से बाहर हैं. धवन बायें हाथ के अंगूठे में चोट लगी है. वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतकीय पारी के दौरान चोटिल हो गये थे.
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि वह न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के साथ होने वाले दो मैचों में नहीं खेल सकेंगे. हालांकि वो इंग्लैंड में बीसीसीआई की मेडिकल टीम की देखरेख में हैं. टीम प्रबंधन ने फैसला किया है कि धवन इंग्लैंड में ही रहेंगे और उनकी चोट पर नजर रखी जाएगी. धवन को बाएं हाथ की तर्जनी और अंगूठे के बीच में चोट है.




