
Southampton: बुधवार को वर्ल्ड कप में भारत अपना पहला मैच खेलेगा. इंग्लैंड के बदलते मौसम के कारण भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को होने वाले विश्व कप के अपने पहले मैच में गेंदबाजी संयोजन को लेकर थोड़ा परेशान है.
साउथम्पटन के एजिस बाउल की पिच सपाट रहने की संभावना है. और ऐसे में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों की धीमी गेंदबाजों के सामने कमजोरी को देखते हुए कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को पहले एकादश में जगह मिल सकती है.
इसे भी पढ़ेंःवर्ल्ड कपः कोहली ने बताया, आखिर क्यों उन्होंने दिसंबर 2017 के बाद से नहीं की गेंदबाजी
लेकिन सोमवार को बारिश होने और बुधवार को भी बादल छाये रहने और बारिश की भविष्यवाणी के कारण भुवनेश्वर कुमार को बाहर नहीं रखा जा सकता. ऐसी स्थिति में टीम तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है.
ऐसी स्थिति में टीम को कुलदीप या चहल में से किसी एक को बाहर रखना होगा. इसके अलावा उसे केदार जाधव और विजय शंकर में किसे अंतिम एकादश में रखना है, यह फैसला भी करना होगा.
वहीं साउथ अफ्रीका की टीम को देखे तो उसकी शुरूआत बेहद खराब रही है. साउथ अफ्रीका ने दो मैच खेले हैं और दोनों में ही हार मिली है. 2015 के विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली टीम बुधवार को होनेवाले मुकाबले में वापसी करने की कोशिश करेगी.
बुधवार को इंडिया-साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला साउथैम्प्टन के द रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इस मैदान पर पहला मैच होगा. रोचक बात यह है कि इस मैदान पर दोनों टीमों ने अब तक 3-3 मैच खेले हैं.
विराट कोहली की कप्तान वाली टीम जहां इस टूर्नामेंट में पहली बार उतरेगी तो फाफ डु प्लेसिस की टीम अपना तीसरा मैच खेलेगी. उसे मेजबान इंग्लैंड और बांग्लादेश से हार मिली है.
इसे भी पढ़ेंःसिंधू, समीर की नजरें ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अच्छे प्रदर्शन पर




