
Giridih: तजाकिस्तान में फंसे गिरिडीह, बोकारो और हजारीबाग के 44 मजदूरों ने वतन वापसी के लिए भारत सरकार और झारखंड सरकार से मदद की गुहार लगाई है. इन 44 मजदूरों ने वीडियो पोस्ट कर सोशल मीडिया के जरिए अपने मजबूरी बताई है और स्वदेश वापसी की गुहार लगाई. वायरल हुए वीडियो के अनुसार तजाकिस्तान में फंसे मजदूरों का कहना है कि छह माह पहले हजारीबाग के खरना गांव निवासी पचंम महतो के माध्यम से तीन जिलों के 44 मजदूर ट्रांसमिशन लाईन के काम से जुड़कर रोजगार के लिए तजाकिस्तान आए थे. छह माह पहले जाने के बाद कुछ माह तक उन्हें वेतन दिया गया लेकिन पिछले चार माह से यह कहकर वेतन बंद कर दिया गया कि कंपनी के पास अब मजदूरों को देने के लिए पैसे नहीं है. मजदूरों ने पंचम महतो पर भी धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है. लिहाजा, कंपनी द्वारा वेतन नहीं दिए जाने के कारण ही अब हालात ऐसे हो गए है कि तजाकिस्तान में फंसे मजदूरों के पास खाने के लिए भी पैसे नहीं रह गए है और जब पैसे की मांग होती है तब मजदूरों के साथ कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा बुरा व्यवहार तक किया जाता है.
इसे भी पढ़ें: साहिबगंज रबिका हत्याकांड को लेकर गिरिडीह भाजपा महिला मोर्चा ने सीएम हेमंत सोरेन का किया पुतला दहन
तजाकिस्तान में फंसे मजदूरों का पोस्ट रविवार को सोशल मीडिया में आने के बाद प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सिकंदर अली ने भी भारत और झारखंड सरकार से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है. तजाकिस्तान में फंसे मजदूरों में जिले के बगोदर के अडवारा संतोष महतो, लुतयानो के तेजो महतो, सरिया के चिचाकी गांव निवासी दशरथ महतो, नुनूचंद महतो, गणेश महतो, नंदू महतो, गिरि महतो, सोहन महतो, वीरेन्द्र कुमार, नकुल महतो शामिल हैं. जबकि हजारीबाग और बोकारो के तिलेशवर महतो, प्रदीप गंजू, रामेशवर महतो, महावीर महतो, रीतलाल महतो, गोवर्धन महतो, मीतलाल महतो, जगदीश महतो, वासुदेव महतो, बालेशवर महतो, प्रेमचंद महतो, ब्रहमदेव महतो, अशोक सिंह, अयोध्या महतो, टेकलाल महतो, वीरु सिंह, तालो महतो, कृष्णा कुमार मंडल, दिलीप महतो, विनय महतो, मनोज कुमार महतो, लालदेव महतो, रोहित सिंह समेत अन्य मजदूर शामिल है.




