
Ranchi: मरांग गोमके जयपाल सिंह स्ट्रोटर्फ स्टेडियम मोरहाबादी, रांची में आयोजित महिला हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सीएम हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. हेमंत ने यहां जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब एवं ओडिशा वॉरियर्स के बीच खेले गए फाइनल मुकाबला का लुत्फ उठाया तथा खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की. फाइनल प्रतियोगिता के दौरान ओडिशा वॉरियर्स ने जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-1 से हराकर उद्घाटन संस्करण का खिताब अपने नाम किया.
फाइनल मुकाबला के दौरान मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस रंगारंग कार्यक्रम एवं आतिशबाजी का हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने आनंद उठाया. महिला हॉकी इंडिया लीग के उद्घाटन संस्करण का शानदार समापन हुआ.
इस अवसर पर पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, अध्यक्ष हॉकी इंडिया डॉ० दिलीप तिर्की, सेक्रेटरी जनरल हॉकी इंडिया भोला नाथ सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.




