
Ranchi : उत्कृष्ट मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य को पूरा करने के लिए राज्य में युवाओं को गुणवत्तायुक्त उच्च एवं तकनीकी शिक्षा प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है. क्वालिटी हायर एजुकेशन के लिए अधिकारी ऐसा पुख्ता मैकेनिज्म तैयार करें जिससे सभी मापदंडों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके. साथ ही राज्य में स्थापित पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित अन्य उच्च तकनीकी शिक्षण संस्थानों का नियमित निरीक्षण करें. पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित अन्य राजकीय कॉलेजों में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के लिए रिक्त पदों पर भर्ती एवं पदोन्नति की कार्यवाही को गति दें.
उक्त बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में आयोजित उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कहीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा जो भी कार्य किया जा रहा है, इन सभी कार्यों का स्टेप बाय स्टेप समय सीमा निर्धारित हो, तथा तय समय पर कार्यों को मूर्त रूप दें.
इसे भी पढ़ें:PANCHAYAT ELECTION: उग्रवाद प्रभावित सिमडेगा में 77 फीसदी मतदान केन्द्र अति संवेदनशील
विधानसभा का विशेष सत्र बुला कर समस्याओं का निपटारा करेगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा की बेहतरी के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुला कर समस्याओं का समाधान राज्य सरकार करेगी. विश्वविद्यालय, स्कूली शिक्षा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा मेडिकल कॉलेज से संबंधित अड़चनों का निपटारा सरकार की प्राथमिकता है. विधानसभा का विशेष सत्र आहूत करने से पहले अधिकारी सभी जरूरी प्रक्रिया जैसे नियुक्ति रोस्टर, नियमावली/एक्ट इत्यादि की तैयारी कर लें. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्थापित पॉलिटेक्निक कॉलेजों के भवनों, इक्विपमेंट्स इत्यादि संसाधनों को दुरुस्त किया जाये.
पॉलिटेक्निक कॉलेजों में जो भी मशीनें छात्र/छात्राओं के लिए स्थापित की गयी हैं उनका पूरा उपयोग सुनिश्चित किया जाये. अधिकारी यह तय करें कि सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में सीटें खाली न रहें. शत प्रतिशत सीटों पर नामांकन हो यह अनिवार्य करें. सभी कार्यों के निष्पादन के लिए समय सीमा निर्धारित करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्नो इंडिया द्वारा संचालित दुमका कैंपस का भ्रमण हो एवं छात्रों के साथ जन अदालत की जाये. इसका नाम शिक्षा अदालत रखें. टेक्नो इंडिया के बीओजी की मीटिंग रांची में हो यह सुनिश्चित करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नये खोले जाने वाले विश्वविद्यालयों का संचालन एक निश्चित समय सीमा के अंतर्गत हो यह सुनिश्चित करें.
इसे भी पढ़ें:7 वर्षों में अतिसंवेदनशील कैटगेरी से हट गये रांची जिले के 232 बूथ
बोकारो, गोड्डा एवं जामताड़ा जिला में भी महिला डिग्री महाविद्यालय का होगा निर्माण
उन्होंने बोकारो, गोड्डा एवं जामताड़ा जिला में महिला डिग्री महाविद्यालय का निर्माण किये जाने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन तीनों जिलों में महिला महाविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित करने के लिए संबंधित उपायुक्त के साथ विभागीय पदाधिकारी समन्वय बना कर निर्माण कार्य को गति दें. बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष जानकारी दी गयी कि राज्य में कुल 21 महिला महाविद्यालय क्रियाशील हैं.
बोकारो, गोड्डा एवं जामताड़ा जिला में महिला डिग्री महाविद्यालय के निर्माण होने से राज्य के 24 जिलों में महिला डिग्री कॉलेज अच्छादित हो जायेंगे. विभागीय स्तर पर राज्य के 12 विभिन्न जिलों गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, चतरा, साहेबगंज, पाकुड़, सरायकेला-खरसावां, लातेहार एवं देवघर में कुल 13 महिला महाविद्यालय के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गयी है. इन सभी जिलों में महिला महाविद्यालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में महिला डिग्री महाविद्यालयों का संचालन इसी सत्र से शुरू हो इस निमित्त प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला महाविद्यालयों में ट्यूशन फी इत्यादि के लिए सरकार द्वारा दी जानेवाली अनुदान राशि भी बढ़ायी जाये.
गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ इसी सत्र में दिये जाने का निर्देश
उन्होंने निर्देश दिया कि गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का क्रियान्वयन इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ किया जाये. मौके पर विभागीय अधिकारियों द्वारा यह जानकारी दी गयी थी कि 15 मई 2022 तक इस योजना के संचालन के लिए नीति एवं दिशा निर्देशिका पर मंत्रिपरिषद का अनुमोदन प्राप्त कर लिया जायेगा. सेवा प्रदाता बैंकों का निर्धारण कर एकरारनामा की कार्रवाई जून, 2022 तक पूरी कर ली जायेगी.
योजना के लिए वेब पोर्टल दिनांक 15 जून 2022 तक तैयार कर लिया जायेगा. आगामी सप्ताह में विभागीय स्तर पर गठित समिति कोलकाता का भ्रमण करेगी तथा पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा चलायी जा रही योजना का विस्तृत अध्ययन करेगी.
इसे भी पढ़ें:सोमवार से रोज चलेगी हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस
इस योजना के सुलभ क्रियान्वयन के लिए विभागीय स्तर से एक नोडल पदाधिकारी सहित एक पृथक कोषांग का गठन 31 मई 2022 तक कर लिया जायेगा.
बैठक में दुमका एवं देवघर में निर्माणाधीन तारामंडल निर्माण कार्य एवं रांची तारामंडल के संचालन की की अद्यतन जानकारी, क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र रांची, नीलंबर पीतांबर विश्वविद्यालय पलामू के निर्माण कार्य, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची के निर्माण कार्य इत्यादि अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गयी.
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव-सह-उच्च तकनीकी विभाग के प्रधान सचिव केके खंडेलवाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, निदेशक तकनीकी शिक्षा डॉ अरुण कुमार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव अभय कुमार सिन्हा, उप निदेशक RUSA विभा पांडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.




