DhanbadJharkhandLead NewsNEWS

धनबाद में सर्दी का सितम, 13 साल का रिकार्ड टूटा, स्कूल बंद करने की मांग

Dhanbad: धनबाद में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ने लगी है. सोमवार को धनबाद का न्यूनतम तापमान सात डिग्री रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक ठंड ने 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. 2010 में दो जनवरी को सबसे कम आठ डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था. सोमवार को दिन की शुरुआत से ही ठंड से हुई. सुबह साढ़े सात बजे के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया. वहीं कुहासा छाने की शुरुआत भी हो गई. आधे घंटे में ही धनबाद ने कुहासे की चादर ओढ़ ली. इससे ठंड और बढ़ गई. बादल और कोहरे की वजह से धनबाद में न्यूनतम तापमान घटकर सात डिग्री पहुंच गया. मंगलवार को भी यही सिलसिला जारी है. सुबह से ही कोहरे ने आसमान को ढ़क रखा है. धनबाद में बढ़ते ठंड को देखते हुए झारखंड अभिभावक संघ ने स्कूलों को बंद करने की मांग की है.

झारखंड अभिभावक महासंघ के अध्यक्ष पप्पू सिंह ने कहा कि क्रिसमस व न्यू ईयर की छुट्टी के बाद सोमवार को जिले के सरकारी स्कूल व कई पब्लिक स्कूल खुल गए हैं. कई पब्लिक स्कूलों का संचालन सुबह सवा आठ व साढ़े बजे से शुरू हुआ. जबकि, डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी स्थिति में छात्रों की उपस्थिति का समय सुबह 8:55 बजे से पूर्व नहीं होगा. 28 फरवरी तक यह प्रभावी है. उसके बाद भी डीसी के आदेश की अवहेलना की जा रही है. कई पब्लिक स्कूलों की ओर से मनमानी की जा रही है. कड़ाके की ठंड एवं कोहरे में स्कूल का संचालन बच्चों के साथ अमानवीय है. झारखंड अभिभावक महासंघ प्रशासन से मांग करता है कि ठंड को देखते हुए एक सप्ताह के लिए स्कूलों को बंद किया जाए. महासंघ प्रतिनिधिमंडल आज मंगलवार को डीसी से मिलकर एक सप्ताह तक स्कूल बंद करने का अनुरोध करेगा.

 

बताते चलें कि मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक ठंड ने 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सोमवार 2 जनवरी को धनबाद का न्यूनतम तापमान सात डिग्री रिकॉर्ड किया गया. इसके पहले 2010 की दो जनवरी को पारा आठ डिग्री था. इससे कम ठंड की बात करें तो दो जनवरी 1994 को धनबाद का न्यूनतम तापमान सबसे कम पांच डिग्री था. तापमान में गिरावट से अचानक धनबाद में ठंड बढ़ गई है. पिछले 24 घंटे में ही धनबाद के न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. रविवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, वहीं सोमवार को तापमान घट कर सात डिग्री पर चला आया. सोमवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं मंगलवार को भी सुबह से ही तापमान में गिरावट है. सुबह के दस बजे तक आसमान में कोहरे छाएगी हुए हैं. ठंड के साथ कंपकंपी शुरू हो गई है.

Related Articles

Back to top button