
Chakradharpur : दक्षिण-पूर्व रेलवे चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय के महात्मा गांधी सभागार में अंतर रेल मंडल ड्रामा प्रतियोगिता शुरू किया गया. इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण-पूर्व रेलवे की मुख्य प्रधान कार्मिक पदाधिकारी डॉ महुआ वर्मा उपस्थित थी. उन्होंने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम विजय कुमार साहू और सीनियर डीपीओ श्रीरंगम हरिताश सहित मंडल के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे. मौके पर मुख्य प्रधान कार्मिक पदाधिकारी ने कहा कि आज शिक्षक दिवस भी है और इस अवसर पर यह प्रतियोगिता का आयोजन बहुत खास है. क्योंकि सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर शिक्षक को समर्पित होता है. कोरोना के कारण पिछले ढाई सालों से नहीं हो पा रहा था. इस लिए अब यह मौका मिला है कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करें. उन्होंने आयोजनकर्ता चक्रधरपुर रेल मंडल को इस कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि ड्रामा प्रतियोगिता के आयोजन में बेहतर प्रबंधन का अहम रोल होता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार दक्षिण-पूर्व रेलवे बेहतर नाटक का मंचन कर राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार जीतकर दक्षिण-पूर्व रेलवे का मान-सम्मान बढ़ाएंगा. इस मौके पर डीआरएम विजय कुमार साहू ने कहा कि दक्षिण पूर्व रेलवे को जो जिम्मेदारी दी है उसे निभाया जाएगा. उन्होंने कहा कि ड्रामा प्रतियोगिता एक अभिव्यक्ति का साधन है. उन्हें कार्यक्रम देख अपने बचपन के दिन याद आये जब वे सरस्वती शिशु मंदिर स्कुल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया करते थे. यह हमारी संस्कृति का भी हिस्सा है जहाँ हम ड्रामा से समाज को बेहतर सन्देश देकर एक अच्छा राष्ट्र बना सकते हैं. ड्रामा प्रतियोगिता में विजेताओं का चयन करने के लिए निर्णायक मंडली में जमशेदपुर से कृष्णा सिन्हा, भिलाई से जय प्रकाश नायर और चाईबासा से देवेन्द्र मिश्रा मौजूद थे. प्रतियोगिता के पहली पाली में आदरा रेल मंडल ने स्वेदेश और स्वाभिमान नाटक का मंचन कर स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस के गौरवमयी इतिहास को बताया और हॉल में देशभक्ति की भावना पैदा की. नाटक से युवाओं में यह सन्देश दिया गया की राष्ट्रहित अपने प्राण भी न्योछावर करना पड़े तो पीछे नहीं हटना चाहिए. इसके बाद दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय गार्डनरीच कोलकाता की पहली टीम ने इन्हेलर नाटक का मंचन किया. इसके बाद दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय गार्डनरीच कोलकाता की दूसरी टीम ने मूर्तिमान नाटक का बेहतरीन मंचन कर दर्शकों का हास्य से भरपूर मनोरंजन किया. वहीँ खड़गपुर रेल मंडल की टीम ने समय असमय नाटक का मंचन किया. बाद में चक्रधरपुर रेल मंडल के कलाकारों ने नाटक का मंचन किया. इस नाटक के जरिये कलाकारों ने भ्रूण हत्या के खिलाफ दर्शकों को सन्देश दे कर सभी का मन मोह लिया.
इसे भी पढ़ें-Ghatshila : शिक्षक ही समाज के शिल्पकार और मार्गदर्शक : डीएसपी




