JharkhandRanchi

जल शक्ति अभियान बना आंदोलन,  शहर के कई अपार्टमेंटों में रखी गयी रेन वाटर हार्वेस्टिंग की नींव

Ranchi : शहर में भूजल के गिरते जलस्तर को दिखते हुए केंद्र सरकार ने जिस जल शक्ति अभियान की शुरुआत की है, उसने अब राजधानी में आंदोलन का रूप ले लिया है. रविवार को निगम के अधिकारियों और पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र के भवनों और अपार्टमेंट में भूजल बढ़ाने के लिए  रेन वाटर हार्वेस्टिंग की नींव रखी. इस क्रम में निगम के बड़गाई स्थित बड़ा तालाब पर नगर आयुक्त मनोज कुमार ने वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की. उनके साथ अपर नगर आयुक्त गिरीजा शंकर प्रसाद, स्थानीय पार्षद, कई सिटी मैनेजरों सहित निगम के कई अधिकारी उपस्थित थे.

गिरते भूजल स्तर को बचाने की महत्वाकांक्षी योजना है जल शक्ति अभियान

मालूम हो कि इस वर्ष देश और झाऱखंड के कई जिलों में गर्मी के दौरान पानी की भारी किल्लत से लोगों को जूझना पड़ा है. इसका कारण कई हिस्सों में पानी का ग्राउंड लेवल काफी नीचे चले जाना है. इसे देखते हुए ही केंद्र की मोदी सरकार ने देशभर में जल शक्ति अभियान की शुरुआत की है. गिरते भूजल स्तर को बचाने की महत्वाकांक्षी योजना है जल शक्ति अभियान. 1 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में जहां सभी जिलों में रेन हार्वेस्टिंग, वाटर कन्वर्सेशन और वाटर मैनेजमेंट जैसी चीज़ों को बढ़ावा दिया जायेगा. वहीं सरकार की ओर से बारिश के पानी को किस तरह बचाया जाये, उसका इस्तेमाल कैसे किया जाये, इनको लेकर नीतियां लागू की जायीं.  साथ ही  लोगों को इस बारे में जानकारी भी दी जायेगी.

इसे भी पढ़ें  जल प्रबंधन के लिए सीएम ने किया श्रमदान, कहा, गांव वाले जल संचयन करें, मिलेंगे  पांच लाख  

अभियान को आंदोलन बनाने के लिए सजग दिखे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

केंद्र के  इस अभियान को आंदोलन का रूप देने के लिए नगर आयुक्त मनोज कुमार ने रविवार को बड़गाई स्थित बड़ा तालाब पर वृक्षरोपण कर अभियान शुरू किया,वहीं कचहरी रोड स्थित बन रहे निगम के नये भवन परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की आधारशिला रखी. इस दौरान डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय भी उपस्थित रहे. इसके अलावा उपनगर आयुक्त शंकर यादव ने अशोकनगर स्थित होटल अमलतास में और निकुंज भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का शुभारंभ किया. इस दौरान उपस्थित  सभी लोगों ने जल संचयन हेतु जल शक्ति अभियान को सफल बनाने एवं आंदोलन का रूप देने के लिए संकल्प लिया. इसके अलावा कई पार्षदों ने भी अभियान में अपनी सहभागिता दिखायी. इसमें पूनम देवी (वार्ड 13), सुनील यादव (वार्ड 20), अरुण झा (वार्ड 26), जैसे पार्षद प्रमुखता से शामिल है.

इन अपार्टमेंटों और भवनों में रखी गयी रेन वाटर हार्वेस्टिंग की नींव

वार्ड 13 स्थित रत्नावली अपार्टमेंट और लक्ष्मी रेजीडेंसी

वार्ड 19 के पी.एन.बोस कम्पाउंड स्थित शिवम पैलेस और कलिंग अपार्टमेंट

वार्ड 20 स्थित लक्ष्मी नारायण अपार्टमेंट

वार्ड 26 में इमली चौक स्थित सूख गये तालाब में

वार्ड 43 के अशोक नगर स्थित होटल अमलतास

रातू रोड स्थित सूर्या अपार्टमेंट

करमटोली स्थित लोटस अपार्टमेंट

पुनदाग स्थित प्रभा अपार्टमेंट

अशोक नगर स्थित ओमरान विला

धुर्वा स्थित सरस्वती शिशू मंदिर परिसर

कचहरी चौक स्थित रांची नगर निगम की नवनिर्मित बिल्डिंग

इसे भी पढ़ें   राज्यभर में एक महीने में 44 नदियों के तट पर लगाये जायेंगे  8.25 लाख पौधे : सीएम

 

Related Articles

Back to top button