
Ranchi : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के सभी घटक दल ग्रुप कैम्पेनिंग और कार्यकर्ताओं के सामंजस्य पर जोर दे रहे हैं. उनकी कोशिश है कि लोकसभा चुनाव से सीख लेते हुए सभी दल अगली बैठक में इस पर ज्यादा संवाद करें.
लोकसभा चुनाव के बाद महागठबंधन के स्वरूप को लेकर यह बैठक आगामी 10 जुलाई को जेएमएम कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के आवास पर रखी गयी है. इसमें जेएमएम के अलावा कांग्रेस, जेवीएम, आरजेडी और लेफ्ट के नेता उपस्थित रहेंगे.
इसे भी पढ़ें : आरोपः शिक्षिका को गाड़ी भेजकर घर बुलाते हैं बीएड कॉलेज के निदेशक, नहीं आने पर रोक दिया वेतन
‘बड़े नेताओं ने अपने पार्टी कैंडिडेट पर लगाया जोर’
जेवीएम और आरजेडी नेताओं का मानना है कि लोकसभा चुनाव में तमाम बड़े नेताओं ने अपने पार्टी कैंडिडेट के चुनावी प्रचार पर ज्यादा जोर दिया. वे सहयोगी दलों के कैंडिडेट के नॉमिनेशन में तो दिखे, लेकिन चुनावी प्रचार में उनकी सहभागिता कम ही रही. इसका खमियाजा चुनाव परिणाम में देखने को मिला.
बैठक में सीट बंटवारे के साथ सम्मानजनक गठबंधन और पार्टी के बड़े नेताओं के ही नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच के आपसी सामंजस्य पर जोर रहेगा. लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद घटक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौऱ शुरू हुआ था.
अधिकांश कार्यकर्ता यह कहते दिखे कि पार्टी वोट बैंक का सबसे ज्यादा फायदा सहयोगी दलों के कैंडिडेट को हुआ. क्षेत्र में अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने कोई रुचि नहीं दिखायी.
कांग्रेस पर आरजेडी का रहेगा जोर, ग्रुप कैंपेनिंग भी चर्चा का विषय
आरजेड़ी के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह का कहना है कि मजबूत गठबंधन को लेकर पार्टी नेता उस बैठक में उपस्थित रहेंगे. पार्टी का जोर इस बार ग्रुप कैम्पेनिंग पर ज्यादा रहेगा. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के वक्त जो गठबंधन बना था, वह पूरी तरह से घरातल पर नहीं उतरा, जिसका परिणाम आज सामने है.
अभय सिंह का यह बयान दरअसल कांग्रेस को लेकर है. बता दें कि उस वक्त कांग्रेस आरजेडी को केवल पलामू सीट देने पर अड़ी थी. जबकि आरजेडी ने चतरा सीट पर भी दावा ठोंका था. बात नहीं बनते देख दोनों दलों ने चतरा में अपना उम्मीदवार उतार दिया, जिसका फायदा बीजेपी कैंडिडेट सुनील सिंह को मिला था. वहीं कुछ दिन पहले उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा था कि पलामू प्रमंडल आरजेडी का बेस है.
इसे भी पढ़ें : वास्तु दोष बता अरुण जेटली के खाली किये सरकारी बंगले में मोदी सरकार के मंत्री नहीं रहना चाहते
सम्मानजनक गठबंधऩ सहित ग्रुप कैम्पेनिंग जरूरी : योगेंद्र प्रताप
जेवीएम प्रवक्ता योगेंद्र प्रताप का कहना है कि बैठक में सम्मानजनक गठबंधन सहित सभी दलों के मजबूत सीटों पर बात होगी. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में ग्रुप कैंपेनिंग बहुत जरूरी है. पार्टी सुप्रीमो बाबूलाल की स्थिति को देखें, तो कोडरमा से चुनाव लड़ने के व्यस्त शेड्यूल बाद भी उन्होंने हेमंत सोरेन के साथ गिरीडीह और संथाल के कई कार्यक्रमों में शिरकत की.
पुरानी नीति से किसी को फायदा नहीं : कांग्रेस
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर ने भी स्वीकारा है कि केवल सीट बंटवारे और बड़े नेताओं के बीच की बातचीत को प्रमुखता देने से ज्यादा जरूरी कार्यकर्ताओं के सामंजस्य पर भी जोर दिया जाय.
सीट बंटवारा तो लोकसभा चुनाव में भी हुआ, लेकिन बेहतर परिणाम किसी भी दल के पक्ष में नहीं दिखा. बाद में पार्टी नेताओं ने दूसरे दलों पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगा दिया. उन्होंने कहा कि अगर पुरानी नीति पर ही बड़े नेता काम करते हैं तो ऐसे गठबंधन से किसी भी दल को कोई फायदा नहीं होगा.
इसे भी पढ़ें : लग्जरी गाड़ी का नंबर प्लेट बदलकर व पार्टी का झंडा लगा करते हैं गांजा तस्करी




