BusinessRanchi

चैंबर ऑफ कॉमर्स की नयी टीम की पहली बैठक में वॉलमॉर्ट का विरोध

Ranchi: चैंबर कॉमर्स की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक गुरुवार को हुई. इसमें कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया. पहली ही बैठक में अंतराष्ट्रीय रिटेल कंपनी वॉलमार्ट का विरोध व्यवसायियों ने किया. कैट के उपाध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग द्वारा वॉलमॉर्ट को मंजूरी देने से छोटे व्यापारियों का व्यावसाय समाप्त हो जायेगा. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ साल में ई-कॉमर्स कंपनियों ने भारी छूट तथा कम कीमत जैसे गलत तरीकों को अपना कर ई-कॉमर्स बाजार को विकृत किया है. ई-कॉमर्स व्यावसाय पर अबतक कोई स्पष्ट नीति नहीं बनी है, ऐसे में वॉलमॉर्ट के लिए प्रत्यक्ष विदेशी निवेश नीति का उल्लंघन करना बेहद आसान हो जायेगा. श्री अग्रवाल ने बताया कि दुनिया का सबसे बड़ा रिटेलर भारत में अपने पांव पसारने के लिए फ्लिपकार्ट का इस्तेमाल कर रहा है. इस सौदे से देश में कार्यरत छोटे रिटेलर, डिस्ट्रीब्यूटरों के समक्ष बेरोजगारी की समस्या उत्पन्न हो जायेगी. उन्होंने कहा कि वॉलमॉर्ट जहां भी गया, वहां का व्यापार समाप्त हो गया.

इसे भी पढ़ें: रिम्स का कार्डियक एंबुलेंस सिर्फ रसूखदारों के लिए

कैट ने किया है भारत व्यापार बंद का आह्वान

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जो सरकार सत्ता में आने से पहले खुदरा बाजार में पूंजी निवेश नहीं लाने की बात कर रही थी,  अब वही सरकार व्यापारियों को प्रताड़ित कर रही है. उन्होंने कहा कि यह संस्था आरंभ से ही वॉलमार्ट का विरोध कर रही है. इसी के विरोध में 28 सितंबर को भारत के व्यापार को बंद रखने का आह्वान भी किया गया है. व्यापारियों को जागरूक करने के उद्देश्य से 15 सितंबर को रथयात्रा निकाली गयी है. यह रथ पूरे देश में 22000 किमी की यात्रा करेगा. यह रथ झारखंड के भी तीन-चार महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगा.

इसे भी पढ़ें: अग्रवाल सभा का वैवाहिक परिचय सम्मेलन 23 को, 19 नवंबर को होगा सामूहिक विवाह

व्यापारियों का पक्ष जानने के बाद लिया जायेगा निर्णय : दीपक

चैंबर अध्यक्ष दीपक मारू ने कैट के पदाधिकारियों की बातों को सुनने के बाद कहा कि इस मुद्दे पर सभी व्यापारियों का पक्ष जानने के बाद ही कोई निर्णय लिया जायेगा. श्री मारु ने शीघ्र ही कार्यकारिणी सदस्य, संबद्ध संस्थाओं के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ एक वृहद् बैठक कर सदस्यों का विचार जानकर मामले पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया. बैठक में उपाध्यक्ष सोनी मेहता, सह सचिव प्रवीण जैन छाबड़ा, कार्यकारिणी सदस्य परेश गट्टानी समेत चैंबर के अन्य सदस्य मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button