
Ranchi : झारखंड में सोने की खान की संख्या चार से बढ़कर पांच होनेवाली है. कुछ ही दिनों में पांचवीं खान के लिए नीलामी का काम किया जायेगा. पांचवीं खान जमशेदपुर के भीतरडारी में है. न्यूज विंग से बात करते हुए भारतीय भूगर्भ सर्वेक्षण के उप महानिदेशक जनार्दन प्रसाद ने बताया कि पांचवीं खान का काम करीब-करीब पूरा हो चुका है. एक-दो महीने में जांच का काम खत्म हो जायेगा. उसके बाद खानों की निलामी की प्रक्रिया शुरू की जायेगी.
दूसरी जगहों पर भी तलाशी जा रही है संभावना
प्रसाद ने बताया कि अभी हाल में कुछ अखबारों में यह खबर प्रकाशित हुई थी कि झारखंड में सात अन्य सोने की खानें मिली हैं. लेकिन, यह बात सही नहीं है. दरअसल, कुछ जगहों पर भारतीय भूगर्भ सर्वेक्षण की टीम जांच का काम कर रही है. इनमें सिंहभूम इलाके के ईचागढ़ जोजोडीह, भेंगम फुलझड़ी, मोर्चागोरा, ओटिया, टैबो और लूकापानी गांव शामिल हैं. अभी इन जगहों पर काम शुरुआती चरण में है. यहां इस बात का पता लगाया जा रहा है कि इन जगहों पर सोना मिलने की संभावना है या नहीं. जांच करने का मतलब यह कतई नहीं है कि इन जगहों पर सोना मिलने की पुष्टि हो गयी है.
फिलहाल चार जगहों पर है सोने की खान
झारखंड में चार जगहों पर पहले से ही सोने की खानें हैं. कुंदरकोचा और लावा में दो जगह पहले से ही सोने का खनन हो रहा है. चाईबासा के परडीहा और रांची के परासी में सोने की खान की नीलामी हो चुकी है. यहां अभी खनन का काम शुरू नहीं हो पाया है. वहीं, अब जमशेदपुर के भीतरडारी में सोने की खान की मात्रा का पता लगाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है. कुछ ही दिनों में नीलामी का काम पूरा कर खनन का काम शुरू होगा.
इसे भी पढ़ें- पुलवामा हमले से आहत जवान अविनाश दुबे की मौत, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा शव




