
Ranchi: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शहीद जवान अविनाश दुबे का पार्थिव शरीर पहुंचा. नागालैंड में पदस्थापित अविनाश दुबे का पुलवामा में हुए आतंकी हमले से आहत होने के बाद दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी थी. आज शहीद जवान का पार्थिव शरीर रांची एयरपोर्ट पहुंचा. उनके पार्थिव शरीर को भुरकुंडा सड़क मार्ग से ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा. शहीद जवान मूल रूप से गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के गाडा ग्राम का रहने वाले हैं. मृतक जवान का परिवार भुरकुंडा मे रहने वाला था.
पुलवामा हमले को लेकर सदमे में थे
गढ़वा जिला कांडी थाना क्षेत्र गाडा ग्राम का रहने वाले स्वर्गीय अंबिका दुबे के पुत्र नागालैंड में तैनात बीएसएफ के जवान अविनाश दुबे का 16 फरवरी को निधन हो गया था. वह पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकी हमले को लेकर सदमे में थे. उन्होंने इस संबंध में अपने साथ ही जवानों से भी चर्चा की थी. आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा था कि जवान आतंकवाद का शिकार हो रहे हैं और वह हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं. मौत से कुछ समय पहले पत्नी से बात की थी. उससे भी अपनी पीड़ा बताते हुए कहा था कि बेचैनी से उनकी तबीयत बिगड़ गयी है. इलाज के पूर्व ही उनकी मौत हो गयी.
नेवी पीटी ऑफिसर थे शहीद जवान के पिता
शहीद जवान अविनाश दुबे के पिता अंबिका दुबे नेवी पीटी ऑफिसर थे. उनके दादा भुरकुंडा स्थित सीसीएल में नौकरी करते थे और यहीं घर बना लिया था. मृतक अविनाश का परिवार यहीं रहता है. अविनाश का छोटा भाई राजू दुबे भी आईटीबीपी का जवान है.
इसे भी पढ़ेंः दिग्विजय सिंह का सिद्धू पर तंजः अपने ‘इमरान भाई’ को समझाइए




