Lead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

वैक्सीनेशनः झारखंड में 18+ के लिए 250 करोड़ की लागत से 50 लाख डोज टीके का आर्डर

Ranchi:  झारखंड में 18 से 45 आयु वर्ग के लोगों को कोरोना वैक्सीन देने के लिए राज्य सरकार ने पहले चरण में 50 लाख डोज टीके का आर्डर भारत बायोटेक व सीरम इंस्टीट्यूट को दिया है. इन कंपनियों से खरीद के लिए स्वास्थ्य विभाग ने राज्य आकस्मिकता निधि से 250 करोड़ रुपए अग्रिम के रूप में प्राप्त करते हुए खर्च की स्वीकृति दे दी है. इसके लिए विभाग द्वारा संकल्प जारी कर दिया गया है.

 

विभाग द्वारा जारी संकल्प में कहा गया है कि राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग द्वारा वर्ष 2021 में 18 से 45 साल आयु वर्ग की आबादी 1.57 करोड़ होने का अनुमान है. यानी लगभग 1 करोड़ 60 लाख लोगों को दो डोज के हिसाब से 3.20 करोड़ डोज की आवश्यकता है.

 

वर्तमान में टीकों के निर्माता द्वारा टीकों को उपलब्ध कराने की क्षमता एवं एक्सपायरी डेट को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से टीका के खरीदारी की जाएगी. तत्काल 50 लाख डोज जिसमें 25 लाख डोज कोविशील्ड और 25 लाख डोज कोवैक्सीन की खरीदारी की जायेगी. बाद में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त डोज खरीदी जायेगी.

 

बताया गया कि 25 लाख कोविशील्ड वैक्सीन प्रति डोज 400 रुपये की दर से तथा 25 लाख डोज कोवैक्सीन प्रति डोज 600 रुपये की दर से खरीदी जानी है. इस तरह कुल 50 लाख डोज की खरीदारी पर 250 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है. इसका व्यय राज्य योजना बजट से किया जायेगा.

Related Articles

Back to top button