
Dhalbhumgarh : नामांकन शुरू होने के साथ ही पंचायत चुनाव की गहमागहमी शुरू हो गई है. धालभूमगढ़ प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है. प्रखंड में द्वितीय चरण में मतदान होगा. जिला परिषद सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य के संभावित उम्मीदवार ताल ठोकने लगे हैं. बाजार व चौक-चौराहों पर पंचायत चुनाव की चर्चा शुरू हो गई है. प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय में बुधवार से मुखिया एवं वार्ड मेंबर पत्र के नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है. मुखिया पद के लिए 21 फार्म खरीदे गए. इनमें कोकपाड़ा से दो, मौदाशोली से दो, चुकरीपाड़ा से एक, जूनबनी से तीन, पावड़ा नरसिंहगढ़ से चार, रावताडा से दो, कनास से एक, मोहुलीशोल, नूतनगढ़ से एक, जुगीशोल से दो एवं कोकपाड़ा नरसिंहगढ़ पंचायत से दो लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा. वार्ड सदस्य में छह फार्म बिके. नामांकन पत्रों की बिक्री निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सविता टोपनो, सीओ सदानंद महतो, प्रभारी पंचायत राज पदाधिकारी रामदास सोरेन के समक्ष नामांकन पत्रों की बिक्री हुई.
डुमरिया प्रखंड में मुखिया पद के लिए 8 तथा वार्ड सदस्य के लिए 19 लोगों ने भरा पर्चा
घाटशिला : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन के लिए बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में उम्मीदवारों की काफी गहमागहमी रही. मुखिया पद के लिए अंचलाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी राम नरेश सोनी के पास विभिन्न पंचायतों से 8 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। वहीं वार्ड सदस्य के लिए 19 उम्मीदवारों ने नामांकन किया. उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ तामझाम के साथ नामांकन के लिए पहुंचे. मुखिया पद के लिए 8 प्रत्याशियों ने नांमाकन पत्र दाखिल किया. पर्चा दाखिल करने के बाद उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ विक्ट्री का निशान दिखाकर जीत का दावा किया. बुधवार को मुखिया पद के लिए 60 नामांकन पत्र खरीदे गए हैं.
बहरागोड़ा प्रखंड में 54 मुखिया तथा 64 वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशियों ने खरीदा नामांकन पत्र
बहरागोड़ा : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण को लेकर बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के लिए अपने -अपने क्षेत्र के मुखिया एवं वार्ड सदस्य प्रत्याशी ने बुधवार को नामांकन पत्र की खरीदारी की. पहले दिन मुखिया के लिए 54 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा तथा वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 64 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा. हालांकि प्रथम दिन एक भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया.




