
Ranchi: रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी. हेमंत राज्य के 14वें सीएम बने हैं साथ ही चौथी बार राज्य के सीएम बनने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं.

शपथ ग्रहण समारोह में इंडी गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए. प्रमुख नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, कर्नाटक उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पूर्व सीएम केजरीवाल उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राजद नेता तेजस्वी यादव, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव सहित कई गणमान्य लोग मंच पर मौजूद थे. मंच पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं.
समारोह में नवनिर्वाचित इंडी गठबंधन के सभी विधायक पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक भी समारोह में शामिल हुए. मोरहाबादी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में शामिल हुए. झामुमो, कांग्रेस और अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह दिखाया. गाजे – बाजे के साथ लोग समारोह में शामिल होने आए. समारोह स्थल पर उत्सव सा नजारा था.

मंच पर आते ही हेमंत सोरेन ने हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन किया. देश के विभिन्न राज्यों से आए नेताओं का भी उन्होंने अभिनंदन किया. सीएम ने अकेल शपथ ली. मंत्रिमंडल का विस्तार दिसंबर के पहले सप्ताह में होगा. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. दोपहर 12 बजे के बाद अधिकांश सड़कों पर बैरिकेडिंग लगा दी गयी थी. राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था सख्त थी. अथितियों को जिन होटलों में ठहराया गया था, वहां और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी. सभी प्रमुख नेताओं को स्टेट गेस्ट घोषित किया गया था. मोरहाबादी मैदान में 12 बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया था. बाहर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गयी थी. समारोह खत्म होने के बाद राजधानी की अधिकांश सड़कों पर जाम लग गया.




