
Palamu : पुलिस की नजरों से बचकर निकलने के लिए पशु तस्कर ‘डाक पार्सल’ लिखे वाहन से पशुओं की तस्करी कर रहे हैं. ऐसे वाहनों से मवेशियों के जब्त होने के कारण पुलिस सक्रिय है. मंगलवार की रात एनएच-98 डालटनगंज-औरंगाबाद मुख्य पथ पर मवेशी लदे दो वाहनों को रोका गया और उसमें ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे 75 पशुओं को बरामद किया गया. मामले में तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त वाहनों में एक वाहन पर डाक पार्सल लिखा हुआ है.
छतरपुर के एसडीपीओ शंभू कुमार सिंह ने बताया कि वरीय पदाधिकारी से सूचना मिली कि मवेशी तस्कर द्वारा कंटेनर और अन्य वाहनों से औरंगाबाद की तरफ से अवैध रूप से मवेशी लोड कर डालटनगंज की तरफ लाया जा रहा है. सूचना पर रात्रि गश्ती कर रहे पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार को निर्देशित किया गया और अलग से टीम का गठन किया गया. इसमें पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार महतो और रिजर्व गार्ड को शामिल किया गया.
इसे भी पढ़ें- एक दिसंबर से चलेंगी भागलपुर-रांची और हावड़ा-धनबाद स्पेशल ट्रेनें, बुकिंग 26 नवंबर से
गाड़ी छोड़कर भागने लगे ड्राइवर और खलासी
थाना गेट के सामने एनएच-98 पर वाहनों की जांच के दौरान औरंगाबाद की ओर से आ रहे कंटेनर (यूपी 21 बीएनएन 1781) को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखकर इस वाहन के चालक एवं खलासी ने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया. जांच के दौरान कंटेनर में 50 पशुओं को ठूंसकर भरा पाया गया.

इसी बीच औरंगाबाद की ओर से आ रहे ट्रक (डब्ल्यूबी 23ई 7994) को संदेह के आधार पर रोका गया. चेकिंग के दौरान इस वाहन में भी 13 भैंस एवं छह भैंस के बच्चे को बरामद किया गया. इस वाहन से चालक, सह चालक सहित तीन को गिरफ्तार किया गया.
ये किये गये हैं गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में कंटेनर के चालक रहीश खान (यूपी के मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के गोधी स्थित हमीरपुर निवासी) और खलासी रामश्लोक यादव (औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के शहरपुरा स्थित पहाड़ीपुर निवासी), जबकि ट्रक से चालक पिंटू यादव (बिहार के रोहतास जिले के गोड़ारी थाना क्षेत्र स्थित कुरूर निवासी), खलासी महेश यादव (भोजपुर जिले के गरहनी थाना क्षेत्र स्थित शिवपुर निवासी) और बिहार के रोहतास जिले के गोड़ारी थाना क्षेत्र के गैराचांदी अमउरा के बलीराम सिंह शामिल हैं.
गिरफ्तारी अभियान में छतरपुर के एसडीपीओ, थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार राय, पुअनि गौतम कुमार, अशोक कुमार महतो, सअनि सुभाष मल्लिक, भूपेंद्र कुमार सिंह, आरक्षी उपेंद्र विश्वकर्मा, आरक्षी रविकांत राय और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें- चतरा: भाजपा नेता पर फायरिंग, बाल-बाल बचे, राहगीर को लगी गोली




