
Barabanki (UP): यूपी के बाराबंकी जिले के रामनगर क्षेत्र में जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है. जहरीली शराब पीने से एक ही परिवार के चार लोग समेत 10 लोगों की मौत की खबर है.
जबकि कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं. बताया जा रहा है कि इन लोगों ने देशी शराब के ठेके से शराब लेकर पी थी, लेकिन ठेकेवाले ने उन्हें मिलावटी शराब दे दी.
इसे भी पढ़ेंःसरायकेलाः सर्च ऑपरेशन पर निकले जवानों पर हमला, IED ब्लास्ट में 14 जवान घायल, भाजपा ने की निंदा, देखें तस्वीर
शव को कंधा देनेवाला कोई नहीं
रामनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन गौतम के मुताबिक रानीगंज गांव और उसके आसपास के छोटे गांवों के कई लोगों ने सोमवार/मंगलवार की दरमियानी रात को शराब पी थी. उसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई.
इसी बीच उनमें से एक-एक कर 10 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में चार एक ही परिवार के सदस्य हैं. मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
मिली जानकारी के अनुसार, शराब पीने के बाद अचानक इन लोगों को दिखना बंद हो गया और 10 लोगों की मंगलवार सुबह तक मौत हो गई.
इसे भी पढ़ेंःबेगूसरायः पहले पूछा नाम,धर्म फिर गोली मार कहा-पाकिस्तान चले जाओ
इस दर्दनाक घटना से कई घरों में तो हालात ये है कि शवों को कंधा देने वाला भी कोई नहीं बचा. हालांकि प्रशासन ने अभी तक आठ लोगों की मौत होने की पुष्टि की है.
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई- सीएम
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहरीली शराब से हुई मौतों पर गहरा अफसोस जाहिर करते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को फौरन मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं.
साथ ही उन्होंने इस घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने आबकारी विभाग के प्रमुख सचिव को भी इस मामले की जल्द से जल्द जांच करने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं.
पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन गौतम ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.




