
Palamu : जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के शाहपुर पुल स्थित कोयल रिवर व्यू होटल में एक शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. जहां पर दूल्हा एम्बुलेंस से विवाह स्थल पर आया. फिर स्ट्रेचर की मदद से उसे मंडप तक पहुंचाया गया. दूल्हे के इस जज्बे की हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है.
यह कहानी गढ़वा जिले के कांडी निवासी एक ऐसे युवक की है जिसने जीवनसंगिनी का जिंदगीभर साथ निभाने का वादा किया और घायल अवस्था में ही एंबुलेंस में सवार होकर मंडप में शादी रचाने पहुंच गया. दुल्हन प्रेरणा अपने पति के इस जज्बे से काफी प्रभावित हुई. विवाह समारोह में लोगों को यह एक अनूठा नजारा देखने को मिला.
बता दे कि दूल्हे का कुछ दिन पहले एक्सीडेंट हो गया था. जिसमें उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया है, लेकिन तमाम परेशानियों को दरकिनार कर तय तिथि पर ही शादी करने का उसने फैसला किया औऱ सात फेरे लिये. दूल्हे के इस जज्बे को देखते हुये शादी समारोह में मौजूद सभी लोग भावुक हो गये. जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के कांडी गांव निवासी सुदर्शन मिश्रा के पुत्र चंद्रेश मिश्रा का विवाह चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पनेरी बांध निवासी मिथिलेश मिश्रा की पुत्री प्रेरणा मिश्रा के साथ 25 जून को होनी थी. इसी बीच शादी के कुछ दिन पहले ही चंद्रेश मिश्रा का सड़क दुर्घटना में एक पैर फ्रैक्चर हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. चंद्रेश के घायल होने पर घर के सभी लोग चिंतित हो गए. सभी ने कहा कि अब शादी के डेट को बढ़ाना पड़ेगा, परंतु चंद्रेश मिश्रा ने परिजनों से कहा कि चिंता करने की कोई बात नहीं है, शादी का डेट जिस दिन रखा गया है, शादी उसी दिन होगी. चंद्रेश की बात को मान कर घर वालों ने भी उसी डेट में शादी करने का फैसला लिया. अपनी शादी के दिन चंद्रेश एक एंबुलेंस मंगवाया और उसी से शाहपुर कोयल नदी स्थित कोयल रिवर ब्यू होटल में शादी के मंडप में शादी करने पहुंच गया.यह नजारा देख बराती सराती के लोग दंग रह गए. शादी में आए सभी मेहमान व साथियों ने चंद्रेश मिश्रा की जमकर तारीफ की.




