
Giridih: कोडरमा की भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ गांडेय से भाजपा प्रत्याशी दिलीप वर्मा ने गुरुवार को नामांकन का पर्चा दाखिल किया. दोनों के नामांकन का पर्चा दाखिल करने के दौरान भाजपा समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी. कई खास चेहरे के साथ हजारों की संख्या में समर्थको की भीड़ जुटी थी. एक तरफ शहर के सर्कस मैदान में भाजपा का जनसभा का आयोजन था. तो दूसरी तरफ कोडरमा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी और दिलीप वर्मा एक साथ पपरावाटांड समाहरणालय डीसी कार्यालय पहुंचे.
इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, कोडरमा विधायक डॉक्टर नीरा यादव, जमुआ विधायक केदार हाजरा, पूर्व विधायक नागेंद्र महतो, भाजपा नेता मुकेश जालान, संदीप डंगाईच समेत कई भाजपा नेता दोनों प्रत्याशियों के साथ मौजूद थे. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा के जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीसी नमन प्रियेश लकड़ा के समक्ष तीन सेट में नामांकन का पर्चा दाखिल किया.




